बरेली: मतगणना के दौरान पुलिस से उलझे लोग, जमकर हुई तू-तू मैं-मैं

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। मतगणना के दौरान पुलिस से भी कई प्रत्याशी, एजेंट व अन्य लोग उलझते देखे गये। बिथरी चैनपुर के कन्या इंटर कॉलेज में बने मतगणना स्थल पर एक प्रत्याशी सीओ वन दिलीप कुमार से उलझ गया। सीओ ने नाराजगी जताते हुए तुरंत पुलिसकर्मियों की मदद से प्रत्याशी को वहां से हटाकर थाने ले …

बरेली, अमृत विचार। मतगणना के दौरान पुलिस से भी कई प्रत्याशी, एजेंट व अन्य लोग उलझते देखे गये। बिथरी चैनपुर के कन्या इंटर कॉलेज में बने मतगणना स्थल पर एक प्रत्याशी सीओ वन दिलीप कुमार से उलझ गया। सीओ ने नाराजगी जताते हुए तुरंत पुलिसकर्मियों की मदद से प्रत्याशी को वहां से हटाकर थाने ले जाने के लिए बोल दिया। किसी तरह से मामला शांत हुआ। इसी तरह से कई बार मतगणना स्थल के अंदर खाना ले जाने तो कभी अन्य सामग्री ले जाने को लेकर विवाद हुआ। पुलिस के रोकने-टोकने पर लोग उलझते दिखे तो पुलिस ने बल प्रयोग कर लोगों को खदेड़ दिया।

बिथरी चैनपुर क्षेत्र सबसे संवेदनशील माना जाता है। यहां पर सुबह से ही पुलिस की सख्ती रही। सिर्फ प्रत्याशियों और एजेंट को ही अंदर प्रवेश दिया गया। एक बार जो अंदर चला गया, उसे बाहर नहीं निकलने दिया गया। जो बाहर निकला उसके दोबारा अंदर जाने पर रोक थी। दोपहर में करीब एक बजे एक प्रत्याशी अंदर जा रहे थे तो उन्हें पुलिसकर्मियों ने रोक दिया। उसके बाद वह सीओ के पास पहुंचे तो सीओ ने भी उन्हें वापस जाने के लिए कहा।

इस पर वह रौब झाड़ने लगे, क्योंकि उनके मास्क पर एक सत्ताधारी विधायक का नाम लिखा था। रौब झाड़ने पर सीओ को गुस्सा आ गया। उन्होंने तुरंत पुलिसकर्मियों को उन्हें थाने ले जाने के लिए बोल दिया। इस पर वह फोन करने की धमकी देने लगे। किसी तरह से इंस्पेक्टर व अन्य पुलिसकर्मियों ने समझाया। उसके बाद एक बीजेपी नेता सीओ से बात करने पहुंचे तो मामला शांत हुआ।

जिस नेता की नोकझोंक हुई थी, उनका कहना था कि उन्हें शुगर की बीमारी है। वह खाना खाने के लिए बाहर निकले थे लेकिन अब पुलिस अंदर जाने नहीं दे रही थी। इसी तरह से कई लोग बाहर आ गए थे और अंदर जाने का प्रयास कर रहे थे लेकिन उन्हें रोक दिया गया। कई लोग खाना व फल अंदर ले जाना चाह रहे थे लेकिन पुलिस ने उन्हें रोक दिया। जब लोगों ने जिद की तो पुलिस ने लाठियां फटकार कर उन्हें खदेड़ दिया। इस तरह के हालात लगभग सभी मतगणना केंद्रों पर नजर आए।

संबंधित समाचार