बनबसा: लाॅकडाउन की आशंका पर जरूरत से अधिक सामान खरीद ले जा रहे लोग

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बनबसा, अमृत विचार। सीमांत क्षेत्र बनबसा का बाजार सोमवार सुबह सात बजे खुलते ही गुलजार हो गया। इस दौरान लोगों की काफी भीड़ बाजार में उमड़ पड़ी। लोगों ने राशन, सब्जियों समेत जरूरी चीजों की खरीदारी की। माना जा रहा था कि लाॅकडाउन की आशंका के चलते लोग अधिक सामान खरीदकर ले जा रहे हैं। …

बनबसा, अमृत विचार। सीमांत क्षेत्र बनबसा का बाजार सोमवार सुबह सात बजे खुलते ही गुलजार हो गया। इस दौरान लोगों की काफी भीड़ बाजार में उमड़ पड़ी। लोगों ने राशन, सब्जियों समेत जरूरी चीजों की खरीदारी की। माना जा रहा था कि लाॅकडाउन की आशंका के चलते लोग अधिक सामान खरीदकर ले जा रहे हैं। बता दें कि कोरोना संक्रमण के बढ़ते प्रभाव के चलते रोज गाइडलाइन में बदलाव किया जा रहा है, जिससे लोग असमंजस में भी हैं।

अब तक सोमवार से शनिवार तक सुबह सात से 12 बजे तक, जबकि रविवार को सिर्फ मेडिकल की दुकानें खोली जा रही है। इसके तहत रविवार को मेडिकल को छोड़कर बाकी दुकानें बंद रहीं। इससे पूरे दिन लोगों को जरूरी वस्तुओं की किल्लत झेलनी पड़ी। इधर, सोमवार को सुबह सात बजे बाजार खुलते ही लोगों की भीड़ उमड़ने लगी और लोग अपनी जरूरत का सामान खरीदने लगे। किराना व्यापारी जयराम अग्रवाल ने बताया कि सोमवार को सुबह से ही भीड़ आने लगी थी। लोगों ने घरेलू और खाने-पीने की वस्तुओं के साथ ही जरूरी वस्तुएं भी खरीदी।

इसके अलावा किराना व्यापारी अनिल कश्यप, फ्रूट विक्रेता मेहराज, सब्जी विक्रेता जाकिर खान ने बताया कि लोग लाॅकडाउन की अफवाह के चलते भी डरे हुए हैं। उन्हें डर है कि कहीं संपूर्ण लाॅकडाउन लग गया तो पिछली बार की तरह घर पर खाने-पीने के लाले पड़ जाएंगे। इसलिए भी लोग अधिक माल घर में स्टाॅक करना चाहते हैं।

इसके अलावा रविवार को बाजार बंद होने की वजह से भी लोगों के घरों में सामान खत्म हो गया होगा, इस कारण भी सोमवार को सुबह से ही लोग सामान खरीदने उमड़ पड़े। 12 बजे तक लोगों ने बाजार से जमकर खरीदारी की और 12 बजते ही दुकानों के शटर धड़धड़ा गिर गए।

उधर, मेडिकल स्टोर पूरे दिन खुले रहे। मेडिकल स्टोर के स्वामी मुकेश ने बताया कि लोग उनके पास सर्दी, जुखाम, बुखार के अलावा इम्युनिटी बढ़ाने वाली दवाइयां, बिटामिन-सी आदि खरीदने आ रहे हैं। सबसे अधिक पैरासिटामोल की गोलियां बिक रही हैं।

 

संबंधित समाचार