नानकमत्ता: कार में दवाइयों की खेप लेकर कालाबाजारी करने जा रहा था युवक, पुलिस ने लिया ये एक्शन
नानकमत्ता, अमृत विचार। कोरोना महामारी के दौरान आवश्यक वस्तुओं की कालाबाजारी करने वाले लोगों के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए पुलिस ने नानकमत्ता बाजार में भारत गैस एजेंसी के पास एक कार को पकड़ा, जिसमें पांच पेटियों में कोरोना बीमारी की रोकथाम में प्रयोग की जाने वाली जेनेरिक दवाइयां व इंजेक्शन को बरामद करते हुए एक …
नानकमत्ता, अमृत विचार। कोरोना महामारी के दौरान आवश्यक वस्तुओं की कालाबाजारी करने वाले लोगों के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए पुलिस ने नानकमत्ता बाजार में भारत गैस एजेंसी के पास एक कार को पकड़ा, जिसमें पांच पेटियों में कोरोना बीमारी की रोकथाम में प्रयोग की जाने वाली जेनेरिक दवाइयां व इंजेक्शन को बरामद करते हुए एक आरोपित को गिरफ्तार किया।
पुलिस महानिदेशक उत्तराखंड द्वारा कोरोना महामारी के दौरान आवश्यक वस्तुओं की कालाबाजारी रोकने के लिए पुलिस को प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए थे। जिसमें प्रत्येक थानों को आवश्यक वस्तुओं की कालाबाजारी को रोकने के लिए टीमें गठित की गई थी। इसी क्रम में क्षेत्राधिकारी खटीमा मनोज ठाकुर द्वारा अपने सर्किल के प्रत्येक थानों में थाना प्रभारी के नेतृत्व में दवाइयों, ऑक्सीजन व आवश्यक वस्तुओं की कालाबाजारी रोकने के लिए टीमों का गठन किया गया। जिसके अंतर्गत मंगलवार को थाना अध्यक्ष कमलेश भट्ट ने चेकिंग करने के दौरान नानकमत्ता मुख्य बाजार में भारत गैस एजेंसी के सामने खड़ी कार को पकड़ा।
जिसमें पांच पेटियों में कोरोना बीमारी की रोकथाम में प्रयोग में लाई जाने वाली जेनेरिक दवाइयां व इंजेक्शन बरामद करते हुए, एक आरोपित रंजीत सिंह कंबोज पुत्र मीता सिंह उम्र 35 वर्ष निवासी नकुलिया थाना सितारगंज को गिरफ्तार कर लिया। जिसने पूछताछ करने पर बताया कि उक्त दवाइयां खिंडा मेडिकल स्टोर नकुलिया, सितारगंज से नानकमत्ता क्षेत्र में हरनीत मेडिकल व तिलकधारी मेडिकल स्टोर प्रतापपुर को बिना बिल के बेचने की बात कही।
पुलिस द्वारा जब उक्त मेडिकल स्टोर स्वामियों से पूछताछ की गई तो उन्होंने आरोपित से ऐसी कोई भी दवा मंगाने की बात से इनकार किया। पुलिस ने आरोपित के विरुद्ध धारा 188, 269, 270 तथा धारा 3 महामारी अधिनियम के अंतर्गत अभियोग पंजीकृत कर लिया। आरोपित के विरुद्ध ड्रग एवं कॉस्मेटिक अधिनियम 1940 तथा बिना बिल की दवाइयों पर जीएसटी की चोरी करने के आधार पर कार्रवाई करने हेतु वाणिज्य कर अधिकारी खटीमा को अलग से रिपोर्ट प्रेषित की। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने पुलिस टीम को भारी मात्रा में दवाइयों सहित कालाबाजारी करने वाले आरोपित की धरपकड़ करने पर 2500₹ इनाम देने की घोषणा की।
दो लाख ₹ बताई जा रही दवाइयों की कीमत
नानकमत्ता पुलिस ने कार से बड़ी मात्रा में कोरोना महामारी में प्रयोग में लाई जाने वाली आवश्यक दवाइयों को कालाबाजारी कर बेचने के लिए ले जाई जा रही बड़ी खेप को बरामद किया। जिसकी कीमत दो लाख ₹ बताई जा रही है, जिसमें पांच अलग-अलग पेटियों में मेडाकफ सिरप-175, पेंटापेन, जोयेक्लैप, मीकास्कॉट इंजेक्शन-100 इंजेक्शन, पेरासिटामोल- 1000 गोलियां, मोनटरजिप-500 गोलियां,कैपमोक्स,मेडरोफ डीएसआर कैप्सूल, मिन्सस्पीड, फ्रीजकल्ड एलवोडीन, विल्हहैंड सैनिटाइजर, मैंडोरिस पाउडर, ऐक्वाफास्टप्लस, एक्यूवामिंटिस, एसिटेविड, मैजिकथ्रो, कफवेदा, जिलोजनी, साइपोवेल आदि की 5000 गोलियां बरामद की। बरामद दवाइयों की कीमत ₹ दो लाख आंकी गई।
पकड़ने वाली पुलिस टीम में थाना अध्यक्ष कमलेश भट्ट, प्रकाश आर्य, हेमचंद्र फुलारा, पंकज बिनवाल शामिल थे।
