हल्द्वानी: साइबर ठगों ने निकाला नया तरीका, वॉट्सएप पर भेज रहे हैं ये मैसेज…
हल्द्वानी, अमृत विचार। साइबर अपराधी तरह-तरह के हथकंडे अपनाकर लोगों को ठगने की कोशिश कर रहे हैं। अब 25 लाख की लॉटरी के झांसे में ठगी की कोशिश का मामला सामने आया है। मंगलवार को अमरावती कॉलोनी फेज वन निवासी एक महिला के पास ऐसा ही एक वॉट्सएप मैसेज आया। इसमें बताया गया कि आपका …
हल्द्वानी, अमृत विचार। साइबर अपराधी तरह-तरह के हथकंडे अपनाकर लोगों को ठगने की कोशिश कर रहे हैं। अब 25 लाख की लॉटरी के झांसे में ठगी की कोशिश का मामला सामने आया है। मंगलवार को अमरावती कॉलोनी फेज वन निवासी एक महिला के पास ऐसा ही एक वॉट्सएप मैसेज आया। इसमें बताया गया कि आपका नंबर लकी ड्रॉ के लिए चुना गया है। आप 25 लाख रुपये जीत सकते हो। इसमें लॉटरी नंबर भी बताया गया।
कहा गया कि लॉटरी का लाभ लेने के लिए हेड ऑफिस के मैनेजर के वॉट्सएप नंबर पर संपर्क करें। हालांकि जागरूक महिला ने इस मैसेज का कोई जवाब नहीं दिया। अलबत्ता महिला के मीडिया कर्मी पति ने मैसेज भेजने वाले नंबर पर संपर्क किया तो पहले तो वह ऐसी किसी लॉटरी का मैसेज भेजने से मना करता रहा। बाद में बोला मैसेज का स्क्रीन शॉट भेजो। दूसरी ओर जिस नंबर पर संपर्क करने को कहा गया, वह नंबर ट्रूकॉलर आईडी में फ्रॉड कंपनी के नाम से प्रदर्शित हुआ।
यह सिर्फ एक मामला है। तमाम मोबाइल उपयोगकर्ताओं का कहना है कि उनके पास भी इस तरह के मैसेज आ रहे हैं। पुलिस ने भी इस तरह की शिकायतें मिलने की पुष्टि की है। एसपी सिटी डॉ. जगदीश चंद्रा का कहना है कि इस तरह के प्रलोभन में नहीं आए। जागरूकता और सावधानी बरतते हुए ही साइबर ठगी से बचा जा सकता है।
