हल्द्वानी: गरीबों की रोजी में लगी आग, डेढ़ लाख के कूलर पैड खाक

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

हल्द्वानी, अमृत विचार। उजाला नगर में सात विक्रेताओं के कूलर पैड आग से जलकर खाक हो गए। इससे कूलर पैड बेचकर आजीविका चलाने वाले सात गरीब परिवारों की रोजीरोटी पर संकट बन आया है। पुलिस ने दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। महात्मा गांधी इंटर कॉलेज के सामने स्थित उजाला नगर की …

हल्द्वानी, अमृत विचार। उजाला नगर में सात विक्रेताओं के कूलर पैड आग से जलकर खाक हो गए। इससे कूलर पैड बेचकर आजीविका चलाने वाले सात गरीब परिवारों की रोजीरोटी पर संकट बन आया है। पुलिस ने दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
महात्मा गांधी इंटर कॉलेज के सामने स्थित उजाला नगर की गली में रहने वाले कुछ परिवार गर्मी के सीजन में खस की घास से तैयार कूलर पैड बेचने का काम करते हैं। जलने वाले पैड की संख्या करीब साढ़े तीन हजार थी।

ये परिवार जल संस्थान के सामने कूलर पैड बेचते हैं। कूलर पैड घर के पीछे रखते हैं। सोमवार को रोज की तरह ही वे पैड बेचने गए थे। इस बीच घर के पीछे रखे डेढ़ लाख रुपये के पैड ने आग पकड़ ली। आग भड़कने से गली में अफरा-तफरी मच गई। घर में मौजूद परिजनों ने पानी डालकर आग पर काबू पाया। लेकिन तब तक काफी पैड आग की भेंट चढ़ चुके थे।

सात परिवारों पर गहराया रोटी का संकट
दुर्घटना में रज्जो देवी, इंद्रावती, गौरा देवी, देव, रामवीर, पंछी, किशन के कूलर पैड जले हैं। गर्मी के सीजन में इन परिवारों की गुजर-बसर कूलर पैड की बिक्री से होती है। डेढ़ लाख के पैड जलने के बाद इन परिवारों के सामने रोटी का संकट खड़ा हो गया है। आमदनी का जरिया खाक होने से ये परिवार परेशान और मायूस हैं। नुकसान की भरपाई कैसे होगी, कुछ नहीं पता। पीड़ितों को उम्मीद है कि प्रशासन दुर्घटना की सुध लेते हुए फौरी मदद करे।

आग कैसे लगी, पता नहीं चला
कूलर पैड में आग कैसे लगी। किसी को कुछ नहीं पता। पैड विक्रेता सोमवार दोपहर दो बजे वापस लौटे तो पैड खाक मिले। आसपास के लोग भी पूछने पर कोई जानकारी नहीं दे सके। दुर्घटना की सूचना पर मेडिकल चौकी पुलिस ने मौका मुआयना किया। पीड़ितों ने इस संबंध में मंगलवार को पुलिस को तहरीर सौंपकर रिपोर्ट दर्ज करने की मांग की है। पास की एक सीसीटीवी कैमरा है। पुलिस ने बताया कि घटना की जांच की जा रही है। सीसीटीवी भी देखा जाएगा। इससे दुर्घटना का कारण जानने में मदद मिल सकती है।
गौरव

संबंधित समाचार