उप्र: भाजपा के सह संगठन मंत्री भवानी सिंह का कोरोना से निधन

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

लखनऊ। भाजपा की उत्तर प्रदेश इकाई के सह संगठन महामंत्री भवानी सिंह का बुधवार को कोरोना वायरस संक्रमण से निधन हो गया। वह 54 वर्ष के थे। भवानी सिंह पिछले दिनों कोरोना से संक्रमित हो गए थे और उन्हें लखनऊ पीजीआई में भर्ती कराया गया था मगर सीने में संक्रमण बढ़ने से उनकी हालत बिगड़ …

लखनऊ। भाजपा की उत्तर प्रदेश इकाई के सह संगठन महामंत्री भवानी सिंह का बुधवार को कोरोना वायरस संक्रमण से निधन हो गया। वह 54 वर्ष के थे। भवानी सिंह पिछले दिनों कोरोना से संक्रमित हो गए थे और उन्हें लखनऊ पीजीआई में भर्ती कराया गया था मगर सीने में संक्रमण बढ़ने से उनकी हालत बिगड़ गई थी।

इसके बाद उन्हें मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर सोमवार को एयर एंबुलेंस से हैदराबाद ले जाया गया जहां इलाज के दौरान बुधवार की सुबह उन्होंने अंतिम सांस ली। प्रदेश के फर्रुखाबाद के मूल निवासी भवानी सिंह को पंचायत चुनाव में वाराणसी का प्रभारी भी बनाया गया था।

भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने सिंह के निधन पर शोक जताते हुए कहा कि उनका जाना संगठन के लिए अपूरणीय क्षति है और ईश्वर पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी सिंह के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया। उन्होंने एक ट्वीट में कहा “राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रचारक तथा उप्र भाजपा के संगठन महामंत्री श्री भवानी सिंह जी का निधन अत्यंत दुःखद है। आपका सम्पूर्ण जीवन राष्ट्रवादी विचारधारा को समर्पित रहा। प्रभु श्री राम से प्रार्थना है कि दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्री चरणों में स्थान प्रदान करें।”

प्रदेश भाजपा अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने अपने शोक संदेश में कहा “भाजपा उत्तर प्रदेश के सह-संगठन महामंत्री श्री भवानी सिंह जी के स्वर्गवास की खबर से मन बेहद दुःखी है। उनका जाना संगठन के साथ-साथ मेरे लिए भी व्यक्तिगत रूप से एक अपूरणीय क्षति है। वह आजीवन भारत माता की सेवा के लिए समर्पित रहे. ईश्वर दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दे।”

 

संबंधित समाचार