अल्मोड़ा: अतिवृष्टि से चौखुटिया के महाकालेश्वर क्षेत्र में हुआ भारी नुकसान
अल्मोड़ा, अमृत विचार। तहसील में बुधवार को हुई भारी बारिश व अतिवृष्टि से लोग दहशत में आ गए। तेज बारिश के बाद ग्राम चितेली व गैराड़ के बीच मे भैसिगाड़ नाला उफान पर आ गया। जिससे घाटी का निचले क्षेत्रों में सैलाब का मंजर पैदा हो गया। बसभीड़ा के समीप घुंघोली गांव व घुंघोली बाजार …
अल्मोड़ा, अमृत विचार। तहसील में बुधवार को हुई भारी बारिश व अतिवृष्टि से लोग दहशत में आ गए। तेज बारिश के बाद ग्राम चितेली व गैराड़ के बीच मे भैसिगाड़ नाला उफान पर आ गया। जिससे घाटी का निचले क्षेत्रों में सैलाब का मंजर पैदा हो गया। बसभीड़ा के समीप घुंघोली गांव व घुंघोली बाजार में सैलाब को देख लोग सुरक्षित स्थान को निकल गए।
घुंघोली के मूल निवासी सामाजिक कार्यकर्ता रघु तिवारी ने बताया कि घुंघोली गांव, बाखली में भी अतिवृष्टि के चलते लोग दहशत में आ गए। बाखली के समीप आए बड़े नाले का पानी गांव व आस पास के खेतों में घुस गया। बारिश इतनी तेज थी कि लोग घबरा गए। सड़कों पर सैलाब का सा मंजर हो गया। पानी के खेतों में घुस जाने से खेत तलैया में तब्दील हो गए। स्थानीय नदी का जलस्तर भी बढ़ गया है और किसानों की तैयार गेंहू की फसल भी बह गई।
जो गेहूं बचा है वह भी खराब हो गया है। कई छोटे-बड़े मार्ग भी मलबे और पेड़ गिरने के कारण यातायात के लिए बाधित हो गए हैं। स्थानीय लोगों ने कहा है कि यहां पूर्व में भी बादल फटने की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। लेकिन कभी भी राहत कार्यों के नाम पर यहां कुछ नहीं किया गया। सूचना के बाद थानाध्यक्ष अशोक कांडपाल भी मौके पर पहुंच गए हैं और जेसीबी मशीनों की मदद से मलबे को हटाने का काम किया जा रहा है। कांडपाल ने बताया कि सोशल मीडिया में यहां बादल फटने की खबरें फैलाई जा रही हैं जो पूरी तरह भ्रामक हैं। उन्होंने बताया कि किसी भी व्यक्ति को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होने दी जाएगी।
विधायक महेश नेगी ने भी अपने फेसबुक संदेश के माध्यम से लोगों से सतर्क रहने की अपील की। इधर जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी राकेश जोशी ने बताया कि तहसील से टीम गांव के लिए रवाना हो गई है। उन्होंने कहा कि अब बारिश थम गई है और पानी भी तेजी से उतर रहा है। किसी भी प्रकार की जन या पशु हानि की सूचना फिलहाल नहीं है।
गधेरे के तेज प्रवाह में 2 बाइक बही
अल्मोड़ा। ढौन, भटकोट गधेरे ने तबाही मचाई है। गधेरे के तेज प्रवाह में भटकोट के पास खड़ी भूपेंद्र सिंह व कैलाश पंत की बाइक बह गई। जिनका अभी तक पता नहीं चल पाया है। आसपास के घरों में पानी व कीचड़ घुस गया। इससे उन्हें नुकसान हुआ है। कई खेत मलबे से पट गए हैं। पूर्व क्षेत्र पंचायत सदस्य ललित सिंह तडियाल ने बताया कि घरों में पानी घुस आने से कई लोगों का घरेलू सामान बर्बाद हो गया है।
