हल्द्वानी: खबरदार! बेवजह बाहर निकले तो कर्फ्यू एक्सप्रेस वैन ले जाएगी उठाकर
हल्द्वानी, अमृत विचार। कर्फ्यू के दौरान अब बेवजह सड़क पर निकलना भारी पड़ेगा। ऐसे लोगों को पुलिस पकड़कर ले जाएगी। बंधपत्र भरवाने के साथ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इसके लिए मोबाइल क्वारंटाइन-कर्फ्यू एक्सप्रेस वैन सड़क पर उतार दी गई है। एसपी सिटी डॉ जगदीश चंद्र ने बताया कि कर्फ्यू एक्सप्रेस वैन उल्लघंन करते पाए गए …
हल्द्वानी, अमृत विचार। कर्फ्यू के दौरान अब बेवजह सड़क पर निकलना भारी पड़ेगा। ऐसे लोगों को पुलिस पकड़कर ले जाएगी। बंधपत्र भरवाने के साथ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इसके लिए मोबाइल क्वारंटाइन-कर्फ्यू एक्सप्रेस वैन सड़क पर उतार दी गई है।
एसपी सिटी डॉ जगदीश चंद्र ने बताया कि कर्फ्यू एक्सप्रेस वैन उल्लघंन करते पाए गए लोगों को पकड़ लेगी। ऐसे लोगों को थाना लाया जाएगा। बेवजह घर से बाहर निकलने वालों की काउंसलिंग के साथ ही उनसे बंधपत्र भरवाया जाएगा। इसके बाद भी कोई बेवजह बाहर घूमता मिला तो कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इसके साथ ही एक्सप्रेस वैन कोरोना महामारी की दूसरी लहर की रोकथाम और बचाव के लिए जनता को जागरूक भी करेगी। उन्होंने बताया कि प्रशासन की बार-बार चेतावनी के बाद कुछ लोग लापरवाही बरत रहे हैं। संक्रमण के बढ़ते मामलों और संभावित खतरों को देखते हुए यह कदम उठाया गया है। कर्फ्यू तोड़ने वालों पर पुलिस सख्ती बरतेगी।
कर्फ्यू एक्सप्रेस वैन के साथ किया फ्लैग मार्च
हल्द्वानी। बुधवार को एसपी सिटी ने पुलिस बहुद्देशीय भवन के सामने से कर्फ्यू एक्सप्रेस वैन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। वैन के साथ ही पुलिस फोर्स ने हल्द्वानी मुख्य बाजार से लेकर विभिन्न मार्गों पर फ्लैग मार्च किया। इसके साथ ही बेवजह बाहर न निकलने और नियमों का पालन करने संबंधी मुनादी भी की।
