हल्द्वानी: क्रिया में बैठे दो भाई पहुंचे वैक्सीन लगवाने
हल्द्वानी, अमृत विचार। कोरोना के इस तांडव के बीच युवाओं के लिए वैक्सीन मिलना राहत की बात है। चाहे समय कैसा भी हो, अच्छा या बुरा। लोग अपने तमाम दुखों को समेटे हुए खुद को और दूसरों को सुरक्षित करने के इरादे से शहर में युवा तय समय पर वैक्सीन लगाने पहुंच रहे हैं। कुछ …
हल्द्वानी, अमृत विचार। कोरोना के इस तांडव के बीच युवाओं के लिए वैक्सीन मिलना राहत की बात है। चाहे समय कैसा भी हो, अच्छा या बुरा। लोग अपने तमाम दुखों को समेटे हुए खुद को और दूसरों को सुरक्षित करने के इरादे से शहर में युवा तय समय पर वैक्सीन लगाने पहुंच रहे हैं। कुछ ऐसे ही इरादों के साथ हल्द्वानी के जजफार्म के रहने वाले दो भाई भी रविवार को वैक्सीन लगवाने पहुंचे, जिन्होंने हाल ही अपनी मां को खो दिया।
स्वास्थ्य विभाग में कार्यरत केआर आर्या के पुत्र वैभव और आशुतोष अपनी बारी आने पर एमबीपीजी कॉलेज के बने बूथ पर वैक्सीन लगवाने पहुंचे। श्वास रोग के चलते बीती आठ मई को उनकी मां का निधन हो गया था। अभी मां की तेरहवीं का समय भी पूरा नहीं हुआ, दोनों भाई इस समय क्रिया कर्म (कोड़े) के तहत घर पर ही शोक में बैठे हुए हैं, लेकिन कोरोना महामारी रूपी दानव से लड़ने के लिए सभी की भूमिका अहम है।
इसी संदेश को देने के लिए दोनों भाई तय समय पर पिता के साथ हिंदू संस्कारों के अनुसार अपनी क्रिया कर्म के दिनों में पहने जाने वाली वेश-भूषा में पहुंचे। दोनों ने कहा कि परिवार में शोक की लहर है, लेकिन इन विषम परिस्थितियों में हर परिवार किसी न किसी परेशानी का सामना कर रहा है। ऐसे में वैक्सीन लगवाना भी जिम्मेदार नागरिक का दायित्व है। इसलिए हम इस परिस्थिति के बीच भी यहां आए हैं। उन्होंने सभी से वैक्सीन लगवाने की अपील करते हुए सहयोग करने का संदेश दिया।
