भारत के खिलाफ सीरीज से पहले श्रीलंकाई खिलाड़ियों ने दी संन्यास लेने की धमकी, बोर्ड के साथ इस मामले पर ठनी

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

नई दिल्ली। भारत और श्रीलंका के बीच इस साल जुलाई में वनडे और टी20 मैचों की सीरीज प्रस्‍तावित है। हालांकि कोरोना वायरस के बढ़ते मामलों के बीच ये सीरीज हो पाएगी या नहीं इसे लेकर सवाल बना हुआ है, लेकिन इस बीच सीरीज से पहले ही क्रिकेटरों का बोर्ड के साथ तनाव बढ़ता नजर आ …

नई दिल्ली। भारत और श्रीलंका के बीच इस साल जुलाई में वनडे और टी20 मैचों की सीरीज प्रस्‍तावित है। हालांकि कोरोना वायरस के बढ़ते मामलों के बीच ये सीरीज हो पाएगी या नहीं इसे लेकर सवाल बना हुआ है, लेकिन इस बीच सीरीज से पहले ही क्रिकेटरों का बोर्ड के साथ तनाव बढ़ता नजर आ रहा है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक श्रीलंका के खिलाड़ियों ने अपने क्रिकेट बोर्ड को संन्यास लेने की धमकी दी है। खिलाड़ी नए ग्रेडिंग सिस्टम से नाराज हैं जिसके मुताबिक खिलाड़ियों का सालाना वेतन तय होगा।

खिलाड़ियों की धमकी की वजह बोर्ड का नया अंक आधारित ग्रेडिंग सिस्‍टम है, जिसके जरिए क्रिकेटरों की सालाना कमाई का आकलन किया जाना तय किया गया है। संडे टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक, श्रीलंका क्रिकेट कॉन्ट्रैक्ट निगोशिएंस में खिलाडि़यों के प्रतिनिधि निशान के हवाले से कहा गया है कि हर खिलाड़ी का व्‍यक्तिगत रूप से मानना है कि उन्‍हें अंक आवंटित करने की प्रक्रिया का हिस्‍सेदार बनाया जाना चाहिए।

रिपोर्ट में आगे कहा गया कि पारदर्शिता से एकजुटता और सौहार्द भी आता है। इस मामले में सभी खिलाड़ी एकजुट हैं। वहीं, श्रीलंका क्रिकेट मैनेजमेंट कमेटी के सदस्‍य एश्‍ले डीसिल्‍वा ने कहा, ‘खिलाडि़यों की मांग के अनुसार कॉन्ट्रैक्ट में संशोधन कर दिया गया है। अब हम कॉन्ट्रैक्ट को अंतिम रूप देने के बाद वरिष्‍ठ खिलाडि़यों के साथ साझा करने की प्रक्रिया में हैं। अभी तक किसी खिलाड़ी ने ऐसा नहीं कहा है कि वो इस कॉन्ट्रैक्ट पर साइन नहीं करेगा।

श्रीलंका के खिलाड़ियों की क्या है मांग
श्रीलंकाई क्रिकेटरों की मांग है कि इस सिस्‍टम को अधिक पारदर्शी बनाया जाए। खिलाड़ियों का कहना है कि उन्‍हें ये बताया जाए कि ग्रेड के आधार पर किस तरह उन्‍हें अंक दिए जाएंगे। वो इसलिए क्‍योंकि इससे उनकी कमाई पर सीधा और गहरा असर पड़ेगा। बोर्ड के नए सिस्‍टम के तहत खिलाडि़यों को चार अलग-अलग ग्रुप में बांटा गया है। इसमें पिछले दो साल में उनकी फिटनेस के स्‍तर, अनुशासन, लीडरशिप, टीम के प्रति योगदान, अंतरराष्‍ट्रीय और घरेलू क्रिकेट में उनके प्रदर्शन के आधार पर अंक दिए जाएंगे।

जुलाई में टीम इंडिया का सामना करेगी श्रीलंका
एक ओर जहां श्रीलंका के खिलाड़ियों और बोर्ड के बीच तनाव चल रहा है, वहीं जुलाई में उसे टीम इंडिया का सामना करना है। बीसीसीआई के प्लान के मुताबिक, टीम इंडिया श्रीलंका में सीमित ओवरों की सीरीज खेलेगी। श्रीलंका दौरे पर कम से कम 5 टी20 अंतरराष्ट्रीय और तीन वनडे मैचों की सीरीज हो सकती है। हालांकि कुछ रिपोर्ट्स में ये भी कहा गया कि टीम इंडिया श्रीलंका में 3 वनडे और 3 T20 मैच खेलेगी।

संबंधित समाचार