मुलायम सिंह के खास रहे लखीमपुर के पूर्व एमएलसी मोहन भैया का दिल का दौरा पड़ने से निधन
लखनऊ। लखीमपुर के पूर्व एमएलसी कुंवर धीरेंद्र बहादुर सिंह उर्फ मोहन भैया का मंगलवार को लखनऊ के अपोलो अस्पताल में दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया। वह पिछले काफी समय से बीमार चल रहे थे। उनके निधन को सपा नेताओं ने संगठन के लिए बड़ी क्षति बताई है। जानकारी के मुताबिक मोहन भैया …
लखनऊ। लखीमपुर के पूर्व एमएलसी कुंवर धीरेंद्र बहादुर सिंह उर्फ मोहन भैया का मंगलवार को लखनऊ के अपोलो अस्पताल में दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया। वह पिछले काफी समय से बीमार चल रहे थे। उनके निधन को सपा नेताओं ने संगठन के लिए बड़ी क्षति बताई है।
जानकारी के मुताबिक मोहन भैया पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव व पूर्व कैबिनेट मंत्री राजा भैया के करीबी रहे हैं। वर्ष 1990 में कुंवर धीरेंद्र बहादुर सिंह पहली बार कांग्रेस से ब्लॉक प्रमुख चुने गए थे।
इसके बाद 1991 में कांग्रेस से बगावत कर श्रीनगर विधानसभा से चुनाव लड़े जिसमें काफी कम अंतर से उनको हार का सामना करना पड़ा। पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह के संपर्क में आने के बाद वह 1992 में खीरी जिले में सपा के संस्थापक जिलाध्यक्ष बने और 1998 तक लगातार पद पर बने रहे।
महेवा स्टेट से ताल्लुक रखने वाले मोहन भैया की दो बेटियां हैं, इनमें एक बेटी की शादी हो गई है। इनके निधन के बाद घर इनकी पत्नी और एक बेटी ही हैं। मोहन भैया के कोई पुत्र नहीं था।
