बरेली: मुफ्त राशन पाने को उमड़ी भीड़, भूले सोशल डिस्टेंसिंग
बरेली, अमृत विचार। कोरोना के बीच गुरुवार से शहर में राशन का वितरण शुरू किया गया है। पहले दिन ही राशन की दुकानों पर पहुंची भीड़ ने शारीरिक दूरी के नियम की जमकर धज्जियां उड़ाईं। वहां सैनिटाइजर व साबुन तक उपलब्ध नहीं था। भीड़ से बचने के लिए दुकानदारों ने टोकन व्यवस्था भी लागू नहीं …
बरेली, अमृत विचार। कोरोना के बीच गुरुवार से शहर में राशन का वितरण शुरू किया गया है। पहले दिन ही राशन की दुकानों पर पहुंची भीड़ ने शारीरिक दूरी के नियम की जमकर धज्जियां उड़ाईं। वहां सैनिटाइजर व साबुन तक उपलब्ध नहीं था। भीड़ से बचने के लिए दुकानदारों ने टोकन व्यवस्था भी लागू नहीं की है। इससे अब शहर के साथ देहात में भी संक्रमण फैलने का खतरा बना हुआ है।
कोरोना की दूसरी लहर के बाद गरीब और जरूरतमंद लोगों को राहत देने के लिए सरकार ने मई और जून माह में दो माह का राशन फ्री देने का ऐलान किया है। जिसके तहत जिले में करीब 7 लाख राशन कार्डधारकों को गुरूवार से पांच किलो गेहूं और चावल का वितरण शुरू कर दिया गया। राशन वितरण से पहले अधिकारी सोशल डिस्टेसिंग के तहत राशन वितरण का दावा कर रहे थे, लेकिन पहले दिन ही सरकारी राशन की दुकानों पर उमड़ी भीड़ से कोरोना के नियमों की धज्जियां उड़ गईं।
दुकानों पर सोशल डिस्टेंसिंग बनाने के लिए गोले तो बने थे, लेकिन उनका इस्तेमाल नहीं किया जा रहा था। बड़ी संख्या में लोग वहां राशन पहुंचे थे। सेल्समैन दुकान में बैठकर राशन का वितरण कर रहे थे। उनकी टेबल के आगे ही लोग भीड़ लगाकर खड़े थे। कई लोगों ने तो मास्क तक नहीं लगाए थे। व्यवस्था बनाने के लिए वहां कोई मौजूद नहीं था।
एआरओ धर्मेन्द्र सिंह ने बताया कि पहले दिन दुकानों पर भीड़ अधिक होने की बात सामने आई है। जिसके बाद सभी कोटेदारों को दुकानों के बाहर बने गोले में ही लोगों को खड़ा करने के बाद राशन वितरण करने के निर्देश दिए है। सरकार की तरफ से आदेश के अनुसार मुफ्त वाले राशन का वितरण 31 मई तक किया जाएगा।
