मुरादाबाद : युवक को पीटना पड़ा महंगा, गोरक्षा वाहिनी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष समेत कई पर गिरी गाज

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मुरादाबाद, अमृत विचार। गोवंशीय पशु का मांस ले जाने के आरोप में युवक को पीटना गोरक्षा वाहिनी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष को महंगा पड़ गया। मामले में उनके अलावा कई लोग फंस गए हैं। रिपोर्ट दर्ज होने के बाद पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। जबकि राष्ट्रीय उपाध्यक्ष समेत अन्य पुलिस की गिरफ्त से …

मुरादाबाद, अमृत विचार। गोवंशीय पशु का मांस ले जाने के आरोप में युवक को पीटना गोरक्षा वाहिनी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष को महंगा पड़ गया। मामले में उनके अलावा कई लोग फंस गए हैं। रिपोर्ट दर्ज होने के बाद पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। जबकि राष्ट्रीय उपाध्यक्ष समेत अन्य पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं। इधर एफआईआर के बाद राष्ट्रीय उपाध्यक्ष ने पद से इस्तीफा दे दिया है। साथ ही पुलिस-प्रशासन पर गंभीर आरोप भी लगाए हैं।

रविवार को कटघर थाना क्षेत्र के ग्राम गोट का वीडियो वायरल हुआ था। उसमें गोरक्षा वाहिनी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष मनोज ठाकुर एक युवक को डंडों से पीट रहे थे। कुछ अन्य लोग गालियां दे रहे थे। उन लोगों का दावा था कि युवक गोवंशीय पशुओं का मीट लेकर जा रहा था। वीडियो वायरल होने के बाद एसएसपी प्रभाकर चौधरी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच के आदेश दिए थे। इसके बाद पुलिस में हरकत में आ गई थी। उधर पीड़ित युवक के भाई ने भी कटघर थाने में तहरीर दे दी।

मनोज ठाकुर समेत छह नामजद व कई अज्ञात पर एफआईआर
मूंढापांडे थाना क्षेत्र के नरखेड़ा निवासी जाकिर की तहरीर पर एफआईआर दर्ज की गई है। उसमें कहा है कि उसका भाई शाकिर भैंस वंशीय पशुओं का 50 किलोग्राम मीट बिक्री के लिए लेकर आ रहा था। ग्राम गोट में मनोज ठाकुर ने कुछ ग्रामीणों के साथ उसे रोक लिया। आरोप है कि उन्होंने 50 हजार रुपये मांगे। इनकार करने पर झूठे मामले में फंसाने की धमकी देने के साथ ही उन लोगों ने उसके साथ मारपीट की। इस पर मनोज के साथ प्रदीप व ग्राम गोट निवासी बाबू, गुलशन उर्फ गुल्लू, सुमित व विजय को नामजद करते हुए करीब 12 लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई। उसके बाद पुलिस ने गुलशन, विजय, प्रदीप व बाबू को गिरफ्तार कर चालान कर दिया। इस मामले में कटघर एसओ गजेंद्र सिंह का कहना है कि मनोज ठाकुर समेत अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है।

पद से दिया इस्तीफा, बोले- प्रशासन करा सकता है मेरी हत्या
कटघर थाने में रिपोर्ट दर्ज होने के बाद गोरक्षा वाहिनी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष मनोज ठाकुर ने भी पुलिस-प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। उन्होंने पद से इस्तीफा देने के बाद कहा कि पुलिस-प्रशासन मेरी हत्या कराना चाहता है। आरोप लगाया कि राष्ट्रीय कार्यकारिणी के कुछ लोग गोतस्करों के साथ मिलकर उन पर तस्करों के खिलाफ कार्रवाई न करने का दबाव बना रहे हैं। यह ही वजह है कि सरकारी अमला खुलेआम गोकशी करा रहा है। अगर वह विरोध करते हैं तो उन पर जान लेवा हमला कराया जाता है। मनोज के अनुसार पिछले दिनों उन पर मैनाठेर थाना क्षेत्र में जानलेवा हमला हुआ था। काफी प्रयासों के बाद पुलिस ने रिपोर्ट तो दर्ज कर ली। लेकिन, कोई कार्रवाई नहीं की। कहा कि अगर उनके साथ कुछ भी अनहोनी होती है तो इसकी जिम्मेदारी पुलिस-प्रशासन की होगी।

 

संबंधित समाचार