काशीपुर: 50 लाख की स्मैक के साथ दो सगे भाई गिरफ्तार
काशीपुर, अमृत विचार। थाना आईटीआई पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए दो सगे भाईयों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से करोड़ों रुपये की स्मैक बरामद की है। पुलिस ने आरोपियों का संबंधित धाराओं में चालान कर न्यायालय में पेश किया है। पुलिस के मुताबिक अंतर्राज्यीय बाजार में स्मैक की कीमत करीब डेढ़ करोड …
काशीपुर, अमृत विचार। थाना आईटीआई पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए दो सगे भाईयों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से करोड़ों रुपये की स्मैक बरामद की है। पुलिस ने आरोपियों का संबंधित धाराओं में चालान कर न्यायालय में पेश किया है। पुलिस के मुताबिक अंतर्राज्यीय बाजार में स्मैक की कीमत करीब डेढ़ करोड आंकी जा रही है।
मंगलवार को पुलिस अधीक्षक प्रमोद कुमार ने आईटीआई थाने में घटना का खुलासा करते हुए बताया कि पुलिस को लगातार अन्य राज्यों से स्मैक लाकर काशीपुर क्षेत्र में बेचे जाने की सूचना मिल रही थी। इसी के तहत थाना आईटीआई पुलिस ने चेकिंग के दौरान लोहियापुल स्थित रजपुरा-टांडा रोड पर बाइक संख्या यूपी 25 बीएक्स- 8274 से आते दो संदिग्धों को रोकने का प्रयास किया, तो वह पुलिस को देखकर भागने का प्रयास करने लगे। पुलिस ने आरोपियों को दबोचकर जब उनकी तलाशी ली तो उनके पास से 300 ग्राम स्मैक बरामद हुई।
आरोपियों में से उत्तर प्रदेश के जनपद बरेली थाना फतेहगंज के निवासी शाहिद हुसैन के पास से 282 ग्राम स्मैक जबकि उसके सगे भाई जाकिर के पास से 18 ग्राम स्मैक बरामद हुई। पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वह बरेली के बड़े तस्करों से स्मैक लेकर उसमें कट व पावर मिलाकर घर में तैयार कर ज्यादा दामों पर बेचते हैं।
लॉकडाउन के कारण पैसों की कमी के चलते वह स्वयं स्मैक को काशीपुर व रामनगर क्षेत्रों में बेचने जा रहे थे। पुलिस ने दोनों अभियुक्तों का संबंधित धाराओं में चालान कर न्यायालय में पेश करते हुए घटना में प्रयुक्त बाइक को सीज कर दिया। पुलिस टीम में सीओ अक्षय प्रहलाद कोंडे, आईटीआई थानाध्यक्ष विद्या दत्त जोशी, एसआई राकेश कठायत, मनोज सिंह देव, कांस्टेबल बलवंत सिंह, विनय कुमार, मुकेश कुमार, महेंद्र नयाल शामिल रहे।
