हल्द्वानी: फायरिंग मामले में दोनों पक्षों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

हल्द्वानी, अमृत विचार। वनभूलपुरा में फायरिंग मामले में पुलिस के हाथ फिलहाल खाली हैं। हालांकि तहरीर के आधार पर पुलिस ने दोनों पक्षों पर रिपोर्ट दर्ज कर ली है। अलबत्ता अभी तक न तो फायरिंग के साक्ष्य मिले हैं और न ही कोई गिरफ्तारी हुई है। शुक्रवार को आजाद नगर के लाइन नंबर 17 निवासी …

हल्द्वानी, अमृत विचार। वनभूलपुरा में फायरिंग मामले में पुलिस के हाथ फिलहाल खाली हैं। हालांकि तहरीर के आधार पर पुलिस ने दोनों पक्षों पर रिपोर्ट दर्ज कर ली है। अलबत्ता अभी तक न तो फायरिंग के साक्ष्य मिले हैं और न ही कोई गिरफ्तारी हुई है।

शुक्रवार को आजाद नगर के लाइन नंबर 17 निवासी यूसुफ ने पुलिस को दी तहरीर में कहा कि वह घर से दवा लेने के लिए निकला था। लौटते वक्त लाइन नंबर 18 के हैदर और उसके साथी विक्की, नुसरत, आसिफ अली व दो अज्ञात लोगों ने उस पर लाठी डंडों से हमला कर दिया। इसी बीच उस पर फायर भी किया गया। लेकिन वह बाल-बाल बच गया।

दूसरे पक्ष के हैदर अली ने पुलिस को दी तहरीर में कहा कि वह आजाद नगर में मुस्तफा अली की सरकारी सस्ता गल्ला की दुकान में काम करता है। गुरुवार सुबह 11 बजे यूसुफ दुकान में आया और गाली गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी देने लगा। इसकी सूचना मुस्तफा अली ने क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी को भी दी। इसका पता चलने पर रात में यूसुफ, आरिफ, आसिफ, असलम ने उसे घेर लिया। इन चारों भाईयों ने जान से मारने की नीयत से फायर भी झोंक दिया जिसमें वह बाल-बाल बच गया। एसओ प्रमोद पाठक ने बताया कि दोनों पक्षों की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

राशन को लेकर हुआ दोनों पक्षों में विवाद
हल्द्वानी। पुलिस की शुरूआती जांच में पता चला है कि सस्ता गल्ला दुकान में राशन को लेकर गुरुवार सुबह दोनों पक्षों में विवाद हुआ था। इसके बाद फायरिंग की सूचना वायरल हुई। दोनों पक्षों ने भी अपनी तहरीर में एक दूसरे पर फायर करने का आरोप लगाया है। इसको लेकर देर रात तक दोनों पक्षों के बीच आरोप-प्रत्यारोप और गहमागहमी चलती रही। इससे पहले फायरिंग की सूचना पर पुलिस अफसरों में हड़कंप मच गया। एसपी सिटी के साथ सीओ सिटी ने क्षेत्र का दौरा किया। अधिकारियों ने बताया कि फायरिंग से संबंधित साक्ष्य जुटाने के साथ ही मौके पर मौजूद लोगों के बयान लिए जा रहे हैं।

संबंधित समाचार