बरेली: 1 जून से 75 जिलों में वैक्सीनेशन शुरु होने से जिले में प्रभावित होगा अभियान
बरेली, अमृत विचार। प्रदेश सरकार ने 23 जिलों में करीब दस लाख लोगों को कोरोना वायरस रोधी टीका लगाने के अभियान का दायरा बढ़ा दिया है। दस लाख से अधिक लोगों को टीका लगने के बाद अब एक जून से प्रदेश के 75 जिले में 18 से 44 वर्ष के लोगों का टीकाकरण होगा। बरेली …
बरेली, अमृत विचार। प्रदेश सरकार ने 23 जिलों में करीब दस लाख लोगों को कोरोना वायरस रोधी टीका लगाने के अभियान का दायरा बढ़ा दिया है। दस लाख से अधिक लोगों को टीका लगने के बाद अब एक जून से प्रदेश के 75 जिले में 18 से 44 वर्ष के लोगों का टीकाकरण होगा। बरेली जनपद की बात की जाए तो संक्रमण की दूसरी लहर की चपेट में जिले के करीब 43 हजार से अधिक नागरिक आए। जिले की गंभीरता को देखते हुए शासन की ओर से बरेली समेत 23 जिलों में सबसे पहले 18 वर्ष से अधिक के नागरिकों का वैक्सीनेशन कराने पर जोर दिया।
वहीं, संक्रमण की दर में कमी आने पर अन्य जिलों में वैक्सीनेशन शुरु करने का निर्देश जारी कर दिए। ऐसे मे अन्य जिलों में पर्याप्त मात्रा में वैक्सीन देने के लिए 23 जिलों की वैक्सीन के स्टॉक में कमी लाई जाएगी। विशेषज्ञों के अनुसार प्रदेश के सभी जिलों में वैक्सीन लगने के साथ ही जिले में वैक्सीनेशन प्रभावित होगा। ऐसा इसलिए है कि अन्य जिलों में वैक्सीनेशन शुरु होने से वैक्सीन की मांग बढ़ेगी, जिससे वैक्सीन की कमी होगी।
सरकार को सभी जिलों में वैक्सीन की पर्याप्त मात्रा में वैक्सीनेशन कराने के लिए संक्रमण की दूसरी लहर से अधिक प्रभावित 23 जिलों में पहले से चल रहे वैक्सीनेशन में कमी लानी होगी। मालूम हो कि वर्तमान में 128 सेशन में वैक्सीनेशन किया जा रहा है। अन्य जिलों में वैक्सीनेशन शुरु होने से पहले ही शासन की ओर से 18 वर्ष से अधिक के 10,800 के लक्ष्य को कम कर 7,000 कर दिया। सात हजार के लक्ष्य में वैक्सीन स्लॉट बुकिंग के माध्यम से आमजन को लगाई जाएगी। वहीं, एक हजार वैक्सीनेशन सरकारी व निजी कार्यालय में लगने वाले शिविर के लिए सुरक्षित की गई है।
गंगापुरम वैक्सीनेशन केंद्र पर वैक्सीन देर से पहुंचने पर हंगामा
जिले के कर्मचारी नगर क्षेत्र में बनाया गया गंगापुरम वैक्सीनेशन केंद्र पर शनिवार को सुबह स्लॉट बुक कर वैक्सीनेशन कराने पहुंचे लोगों व वहां तैनात स्टाफ में झड़प हो गई। भीड़ में से किसी ने पूरे मामले की वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दी। वीडियो में वैक्सीन लगने के पहुंचे लोगों ने आरोप लगाया है कि वैक्सीन आने से पहले ही प्रमाण पत्र जारी कर दिया।
वहीं, स्टाफ का कहना था कि वैक्सीन लगने से पहले आधार कार्ड व लाभर्थियों का वैरिफिकेशन करने के बाद ही वैक्सीन लगाई जाती है। इस दौरान कोविन एप से प्रमाण पत्र जारी हो जाता है। वहीं, जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डा. आरएन सिंह ने बताया कि मेरठ से 36,000 वैक्सीन का स्टॉक देरी से मिलने के चलते कुछ वैक्सीनेशन केंद्रों पर वैक्सीन देर से पहुंची।
आज से 33 केंद्रों पर सात हजार के वैक्सीनेशन के लिए बुक होंगे स्लॉट
जिले में सोमवार से वैक्सीनेशन के लिए कोविन एप पर रविवार सुबह दस बजे से पंजीकरण व स्लॉट बुकिंग होना शुरु हो जाएगा। जिला प्रतिरक्षण अधिकारी ने बताया कि सोमवार से 33 केंद्रों पर सात हजार वैक्सीनेशन के लिए स्लॉट बुकिंग किए जाएंगे। वहीं, एक जून से 18वर्ष से अधिक के नागरिकों के लिए केंद्र पर ही पंजीकरण कर वैक्सीन लगाने को लेकर भी तैयारियां लगभग पूरी हो चुकी है।
76 प्रतिशत युवा व 39 प्रतिशत बुजुर्गों ने लगवाई वैक्सीन
कोरोना से बचाव को वैक्सीनेशन कराने के लिए युवाओं का जोश बढ़ता जा रहा है। शनिवार को भी टीकाकरण केंद्रों पर युवाओं की भीड़ रही। वही, 45 साल से अधिक उम्र के लोगों में भी टीका लगवाने को लेकर उत्साह दिखाई दिया। जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. आरएन सिंह के अनुसार शनिवार को जिले में11380 लोगों ने कोरोना से बचाव के लिए टीका लगवाया। स्वास्थ्यकर्मियों व फ्रंटलाइन वर्कर्स को वैक्सीन की पहली और दूसरी डोज लगाई गई। 18 से 44 साल के लोगों को वैक्सीन की पहली डोज लगी। 45 साल से अधिक उम्र के लोगों को पहली और दूसरी डोज लगाई।
जिले में 18 साल से 44 साल के लोगों को वैक्सीन लगाने का 10800 का लक्ष्य रखा गया था। इसमें से 8290 युवाओं ने सेंटरों पर पहुंचकर टीका लगवाया। करीब 76 फीसद युवा वैक्सीन लगवाने पहुंचे। वही, 45 वर्ष से अधिक उम्र के लोगों के टीकाकरण का आंकड़ा भी बढ़ गया। इस आयु वर्ग में पांच हजार लोगों को टीका लगाने का लक्ष्य रखा गया था। इनमें से 1873 लोगों को टीका लगाया गया। यानी करीब 39 फीसद लोगों ने टीका लगवाया।
