अल्मोड़ा: बेखौफ घूम रहे गुलदार, सीसीटीवी कैमरे में हुए कैद

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

अल्मोड़ा, अमृत विचार। नगर के कर्नाटकखोला में रात के समय बेखौफ होकर घरों के आंगन से गुजर रहे गुलदारों के सीसीटीवी कैमरों में कैद होने के बाद नगर क्षेत्र में दहशत का माहौल बना हुआ है। स्थानीय लोगों ने वन विभाग के आला अधिकारियों को इसकी जानकारी देकर नगर में घूम रहे गुलदारों को पकड़ने …

अल्मोड़ा, अमृत विचार। नगर के कर्नाटकखोला में रात के समय बेखौफ होकर घरों के आंगन से गुजर रहे गुलदारों के सीसीटीवी कैमरों में कैद होने के बाद नगर क्षेत्र में दहशत का माहौल बना हुआ है। स्थानीय लोगों ने वन विभाग के आला अधिकारियों को इसकी जानकारी देकर नगर में घूम रहे गुलदारों को पकड़ने के लिए पिंजड़ा लगाने की मांग की है।

शनिवार की देर रात करीब साढ़े बारह बजे के आसपास का है। लोअर माल रोड स्थित डायट के कर्नाटक खोला निवासी सुनील कर्नाटक ने अपने घर के बाहर गुलदार के गुर्राने की आवाज सुनी। काफी देर तक गुलदारों की आवाज आने के बाद उन्होंने अपने घर में लगे सीसीटीवी कैमरे पर नजर डाली तो उनके होश उड़ गए। एक एक कर तीन गुलदार उनके घर के आंगन से गुजरते हुए दिखाई दिए। जो उनके सीसीटीवी कैमरे में कैद भी हो गए।

रविवार की सुबह जब लोगों को इसका पता चला तो आसपास के इलाकों में हड़कंप मच गया। जन अधिकार मंच के त्रिलोचन जोशी ने कहा है कि लंबे समय से गुलदार नगर के कई मोहल्लों में घूमते हुए दिखाई दे रहे हैं। जिससे स्थानीय लोगों को खतरा बना हुआ है। उन्होंने वन विभाग के अधिकारियों से बेखौफ होकर घूम रहे गुलदारों को पकडऩे और रात्रि के समय के लिए एक पेट्रोलिंग टीम का गठन भी करना चाहिए। ताकि लोग समय रहते गुलदारों के बारे में कोई भी जानकारी वन विभाग को उपलब्ध करा सकें।

पातालदेवी से सुअर को उठा ले गया गुलदार
अल्मोड़ा। कर्नाटक खोला में तीन गुलदार एक साथ दिखाई देने के साथ ही शनिवार की रात पाताल देवी में गुलदार एक पालतू सूअर को उठा ले गया। वाल्मीकी बस्ती में रहने वाले रमन ने बताया कि पातालदेवी क्षेत्र में पिछले कई दिनों से चार गुलदार एक साथ घूम रहे हैं। जिससे यहां भी लोगों में दहशत का माहौल बना है।

गुलदार प्रभावित इलाकों में लगाएं पिंजड़ा
नगर पालिका अध्यक्ष प्रकाश चंद्र जोशी ने वन विभाग के अधिकारियों से नगर के गुलदार प्रभावित इलाकों में शीघ्र पिंजड़ा लगाकर उन्हें पकडऩे की मांग की है। जोशी ने कहा है कि नगर के कर्नाटक खोला, पांडेखोला, थपलिया, कनोली, तल्ला जोशीखोला, नरसिंहबाड़ी, सरकार की आली, रैलापाली, सिकुड़ा, खत्याड़ी, ब्राइट इन कार्नर व लोअर माल रोड में कई बार रात्रि के समय गुलदारों को घूमते हुए देखा जा चुका है। उन्होंने कहा है कि इससे पहले की कोई अप्रिय घटना सामने आए नगर के संदिग्ध स्थानों पर पिंजड़े लगाकर गुलदारों को पकडऩे की कार्रवाई की जाए।

संबंधित समाचार