गरमपानी: दो दिन पहले पॉजिटिव आई दुल्हन, पीपीई किट पहन कर हुई शादी
गरमपानी, अमृत विचार। अल्मोड़ा-भवाली राष्ट्रीय राजमार्ग से सटे मर्नसा गांव में शादी से दो दिन पहले पॉजिटिव आई सीमा का विवाह रुद्रपुर से पहुंचे हरीश के साथ कोरोना गाइड लाईन के साथ ही पूरे विधि विधान के साथ संपन्न हुआ। बराती, घराती सभी पीपीई किट में नजर आए। मर्नसा गांव भी पीपीई किट शादी का …
गरमपानी, अमृत विचार। अल्मोड़ा-भवाली राष्ट्रीय राजमार्ग से सटे मर्नसा गांव में शादी से दो दिन पहले पॉजिटिव आई सीमा का विवाह रुद्रपुर से पहुंचे हरीश के साथ कोरोना गाइड लाईन के साथ ही पूरे विधि विधान के साथ संपन्न हुआ। बराती, घराती सभी पीपीई किट में नजर आए।
मर्नसा गांव भी पीपीई किट शादी का गवाह बन गया। गांव में रुद्रपुर से हरीश सिंह बारात लेकर पहुंचे। शादी से दो दिन पूर्व दुल्हन सीमा संक्रमित पाई गई। वर पक्ष के लोगों ने पीपीई किट में ही शादी करने की हामी भर दी। पुलिस, प्रशासन व स्वास्थ्य विभाग से अनुमति ले सोमवार को विवाह हुआ। पुलिस प्रशासन व स्वास्थ्य विभाग की टीम मुस्तैद दिखी। दुल्हन सीमा पीपीई किट में मंडप में पहुंची तो दुल्हा हरीश पहले ही पीपीई पहन मौजूद रहा। बराती व घरातियों के सैनिटाईज के पुख्ता इंतजाम।
धर्माचार्य ने दूल्हा दुल्हन को सात जन्मों तक साथ रहने की कसम के साथ सात फेरे करवाएं। पीपीई किट में ही दूल्हा दुल्हन ने एक दूसरे को वरमाला पहनाई। दूल्हा पक्ष से बारात में महज पांच और दुल्हन पक्ष से माता-पिता समेत कुल आठ लोग शामिल हुए।
दुल्हन को ससुराल ले जाने के लिए बकायदा दूल्हा पक्ष से एक अतिरिक्त वाहन भी साथ लाया गया था जिसमें महज दुल्हन को ही ससुराल विदा किया गया अब दुल्हन को ससुराल ले जाकर होम आइसोलेशन में रहना होगा। सरकारी गाइडलाइन का पालन कराने को राजस्व निरीक्षक भुवन भंडारी, राजस्व उपनिरीक्षक पवन ध्यानी, राजेंद्र गोस्वामी, हर्षवर्धन, जितेंद्र मुस्तैद रहे।
