बाजपुर: कोविड कर्फ्यू में मिठाई की दुकान मिली खुली, पुलिस ने किया गिरफ्तार
बाजपुर, अमृत विचार। पुलिस ने कोविड कर्फ्यू का उल्लंघन कर मिठाई की दुकान खोलकर बैठे व्यापारी को गिरफ्तार करते हुए उसके खिलाफ लॉकडाउन का मुकदमा दर्ज किया है। वहीं पुलिस को देखकर खरीददारी कर रहे आधा दर्जन से अधिक लोग वहां से भाग निकले। केलाखेड़ा थाने में तैनात एसआई गणेश पांडेय पुलिस टीम के साथ …
बाजपुर, अमृत विचार। पुलिस ने कोविड कर्फ्यू का उल्लंघन कर मिठाई की दुकान खोलकर बैठे व्यापारी को गिरफ्तार करते हुए उसके खिलाफ लॉकडाउन का मुकदमा दर्ज किया है। वहीं पुलिस को देखकर खरीददारी कर रहे आधा दर्जन से अधिक लोग वहां से भाग निकले। केलाखेड़ा थाने में तैनात एसआई गणेश पांडेय पुलिस टीम के साथ कोविड-19 संक्रमण की रोकथाम के लिए शासन द्वारा जारी गाइड लाइन का अनुपालन सुनिश्चित कराने रम्पुराकाजी बार्डर बेरियर ड्यूटी पर थे।
इसी बीच पुलिस टीम चैक पोस्ट से सरकड़ी की तरफ रम्पुराकाजी तिराहे पर पहुंची तो रविवार की सायं करीब अाठ बजे वहां मिठाई व किराने की दुकान खुली दिखाई दी। दुकान पर काफी व्यक्ति एकत्रित थे, जो पुलिस को देखकर भाग गए, जबकि दुकान पर मौजूद व्यापारी मोहल्ला फिदानगर केलाखेड़ा निवासी पवन पुत्र परवेज चंद्रा को पकड़ लिया।
पुलिस ने कोविड-19 के बढ़ते संक्रमण की रोकथाम के लिए प्रदेश में लागू नियमों का उल्लंघन करने पर धारा 188, 269, 270 आईपीसी व 51(ख) आपदा प्रबंधन अधिनियम-2005 के तहत मामला दर्ज करते हुए दुकानदार को गिरफ्तार कर लिया गया। बाद में धारा 41(क) सीआरपीसी के तहत नोटिस तामील कराते हुए सख्त हिदायत देकर उसे छोड़ दिया गया है। पुलिस टीम में राजेश कुमार व पीआरडी जवान लच्छू सिंह आदि शामिल थे।
