हल्द्वानी: कोरोना से बच्चों को बचाने के लिए बड़ों को रखनी होगी ये सावधानी…

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

हल्द्वानी, अमृत विचार। कोरोना की दूसरी लहर चल रही है। विशेषज्ञों का अनुमान है कि जल्द ही तीसरी लहर भी शुरू हो जाएगी और आने वाली लहर बच्चों को अपना ज्यादा शिकार बनाएगी। यह बात अभिभावकों को परेशान कर रही है। बाल रोग विशेषज्ञ का कहना है कि अगर अभिभावक ध्यान दें तो अपने घर …

हल्द्वानी, अमृत विचार। कोरोना की दूसरी लहर चल रही है। विशेषज्ञों का अनुमान है कि जल्द ही तीसरी लहर भी शुरू हो जाएगी और आने वाली लहर बच्चों को अपना ज्यादा शिकार बनाएगी। यह बात अभिभावकों को परेशान कर रही है। बाल रोग विशेषज्ञ का कहना है कि अगर अभिभावक ध्यान दें तो अपने घर के बच्चों को कोरोना की तीसरी लहर से बचा सकते हैं।

बाल रोग विशेषज्ञ डा. रितु खोलिया का कहना है कि कोई भी ऐसी चीज नहीं है जिसे खाकर लोगों का इम्यून सिस्टम एकदम से मजबूत हो जाए। यह धीरे-धीरे होता है। बच्चों के साथ दिक्कत यह है कि वह खाने पीने में आनाकानी करते हैं और ज्यादातर ऐसी चीजें पसंद करते हैं जो उनके स्वास्थ्य पर विपरीत प्रभाव डालती है।

इसलिए बच्चों को स्वस्थ्य आहार देना बहुत जरूरी है। साथ ही एक साल से छोटे बच्चों को विटामिन डी की 400 यूनिट और उससे बड़े बच्चों को विटामिन डी की 600 यूनिट की जरूरत होती है। विटामिन डी का सबसे अच्छा स्रोत धूप होती है।

इसलिए नियमित तौर पर बच्चों को हल्की धूप में खेलने दें जिससे उनके शरीर को विटामिन डी मिल सके। साथ ही उनके आहार में दाल, चावल, रोटी, सब्जियां, फल, दूध, दही शामिल करें। इससे उनका शरीर मजबूत होगा। बताया कि बच्चों का इस समय जंक फूड से दूर रखना बहुत जरूरी है। जंक फूड बच्चों को बीमार करता है। कहा कि नियमित तौर पर बच्चों को खेलने दें। कोशिश करें कि घर में ही कोई एक्टिविटी हो जिसमें बच्चे शामिल हो सकें।

बड़ों की गलती बच्चों पर पड़ेगी भारी
डा. रितु खोलिया बताती हैं कि आम तौर पर देखने में यह आता है कि कोरोना का असर कम होने पर लोग मास्क, सैनेटाइजर और सोशल डिस्टेंसिंग जैसी बातें नजरअंदाज करने लगते हैं। कहा कि पहली लहर थमने के बाद भी यही देखने में आया था। और उसके बाद कोरोना के मामलों में अचानक बढ़ोत्तरी हो गई। कहा कि इस बार इस तरह की कोई भी लापरवाही हमारे बच्चों को संक्रमण की जद में ला सकती है। इसलिए बच्चों को अगर कोरोना से बचाना है तो जरूरी है कि बड़े कोरोना नियमों का पालन करें। कहा कि लॉकडाउन खुलने के बाद भी बच्चों को घर से बाहर न निकालें। जरूरी होने पर ही ऐसा करें। क्योंकि इस पूरे साल कोरोना से बचने के लिए नियमों का पालन करना ही होगा।

ऐसी कोई भी चीज नहीं है जिसे खाकर तुरंत इम्यून सिस्टम मजबूत हो जाए। बच्चों को घर में बना पारंपरिक खाना खिलाएं। फलों का सेवन कराएं और उन्हें घर में ही खेलने दें।- डा. रितु रखोलिया, बाल रोग विशेषज्ञ

 

संबंधित समाचार