हल्द्वानी: पेयजल लाइन टूटने से दमुवाढूंगा के 20 हजार लोग प्यासे

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

हल्द्वानी, अमृत विचार। दमुवाढूंगा में हिंदुस्तान पेट्रोलियम की भूमिगत गैस पाइप लाइन डालने के काम में यहां जल संस्थान की मेन पेयजल लाइन टूट गई। इस वजह से अब करीब 20 हजार की आबादी पर पेयजल संकट बना गया है। चौपुला से पनचक्की तक विगत कई दिनों से हिंदुस्तान पेट्रोलियम कंपनी की ओर से भूमिगत …

हल्द्वानी, अमृत विचार। दमुवाढूंगा में हिंदुस्तान पेट्रोलियम की भूमिगत गैस पाइप लाइन डालने के काम में यहां जल संस्थान की मेन पेयजल लाइन टूट गई। इस वजह से अब करीब 20 हजार की आबादी पर पेयजल संकट बना गया है।

चौपुला से पनचक्की तक विगत कई दिनों से हिंदुस्तान पेट्रोलियम कंपनी की ओर से भूमिगत गैस की पाइप लाइन बिछाई जा रही है। लेकिन यह काम स्थानीय लोगों के लिए सिरदर्द साबित हो रहा है। शनिवार को जब यहां शाम को करीब पांच बजे काम चल रहा था तब जमीन खुदाई की वजह से यहां पहले से ही मौजूद पानी की मेन पाइप लाइन टूट गई। इस पाइप लाइन में जल संस्थान गौला नदी से फिल्टर पानी की सप्लाइ करता है। और दमुवाढूंगा, बिठौरिया, मल्ली बमौरी क्षेत्र में पेयजल की सप्लाई की जाती है।

करीब 20 हजार की आबादी पेयजल के लिए इसी पाइप लाइन पर निर्भर है। भीषण गर्मी के दौर में स्थानीय लोगों पर अब पेयजल का संकट बन गया है। इधर मौके पर जल संस्थान के अधिकारियों ने दौरा किया है और उन्होंने जल्द पाइप लाइन की मरम्मत की बात कही है। इधर स्थानीय निवासी जगत सिंह पंवार ने बताया कि यहां पर जेसीबी से खुदाई हो रही है। और खुदाई करते वक्त ध्यान नहीं दिया जा रहा है। इस वजह से यह हादसा हुआ है।

दूसरी बार हुआ है हादसा
हल्द्वानी। गैस की पाइप लाइन डालने के काम के चलते यहां जलसंस्थान की पेयजल लाइन दूसरी बार टूटी है। इससे पहले कुछ दिनों पहले भी यह पाइप लाइन टूट गई थी। हालांकि इसे बाद में सही कर दिया गया था।

जाम से परेशान लोग
गैस पाइप लाइन डालने के चलते सड़क को एक किनारे पर खोद दिया है। इस वजह से यहां पर जाम की स्थिति बनी रहती है। लोगों का कहना है कि कंपनी की ओर से यह काम जल्दी करवाया जाए क्योंकि लोगों को बहुत परेशानी हो रही है।

 

संबंधित समाचार