मुरादाबाद : पिता की कार के पहिए के नीचे आकर मासूम की मौत, मातम में बदला शादी का माहौल

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मुरादाबाद/बिलारी/अमृत विचार। बिलारी क्षेत्र में पिता की कार के पहिए के नीचे आकर दो साल के मासूम की मौत हो गई। हादसा उस वक्त हुआ जब पिता कार निकालने के लिए उसे पीछे कर रहा था। दुर्भाग्यवश इस दौरान कई बार कार का पहिया मासूम के ऊपर से गुजर गया। लोगों ने शोर मचाया तो …

मुरादाबाद/बिलारी/अमृत विचार। बिलारी क्षेत्र में पिता की कार के पहिए के नीचे आकर दो साल के मासूम की मौत हो गई। हादसा उस वक्त हुआ जब पिता कार निकालने के लिए उसे पीछे कर रहा था। दुर्भाग्यवश इस दौरान कई बार कार का पहिया मासूम के ऊपर से गुजर गया। लोगों ने शोर मचाया तो नीचे उतरकर पिता से खून से लथपथ मासूम को देखा तो बेहोश हो गया।

जिंदा होने की आस में अन्य परिजन आनन-फानन में मासूम को लेकर निजी अस्पताल पहुंचे, जहां डाक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। मासूम की मौत के बाद परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। वहीं निकाह की खुशियां भी मातम में बदल गई।

हादसा मंगलवार की रात खास बिलारी कस्बे में हुआ। मंगलवार को कस्बा निवासी मोहम्मद आरिफ के दोस्त की बहन का निकाह था। निकाह में शामिल होने के लिए मोहम्मद आरिफ के जीजा गागन चौराहा निवासी डा. मोहम्मद हसन अपनी पत्नी शमीम जहां व दो साल के बेटे मोहम्मद अमन के साथ आया था। निकाह एक बैंक्वेट हाल में था। रात को खाना खाने के बाद मोहम्मद हसन वापस आने के लिए अपनी कार निकालने चले गए। इस बीच मासूम अमन भी उनके पीछे-पीछे चल दिया।

हालांकि मोहम्मद हसन को उसके पीछे आने का अहसास नहीं हुआ। जैसे ही वह कार को सड़क पर लाने के लिए पीछे करने लगे तो अमन पहियों के नीचे आ गया। इस दौरान उन्होंने दो-तीन बार कार को आगे-पीछे किया तो पहिया भी मासूम के ऊपर से गुजरता रहा। कुछ लोगों की नजर पड़ी तो वह शोर मचाते हुए मौके की ओर भागे। किसी अनहोनी की आशंका से मोहम्मद हसन ने कार से नीचे उतरकर मासूम अमन को खून से लथपथ देखा तो वह बेहोश हो गए।

शोर-शराबा होने पर अन्य लोग भी आ गए। जिंदा होने की उम्मीद पर परिजन अमन को लेकर निजी अस्पताल पहुंचे, जहां पर डाक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। मासूम की मौत के बाद जहां परिजनों में कोहराम मचा हुआ है तो वहीं निकाह की खुशियां भी गमगीन हो गई।

पिता के साथ के लिए चला पीछे और छूट गया साथ
अधिकतर वक्त पिता के संग बिताने वाला मासूम अमन पिता के साथ के लिए ही पीछे-पीछे चल दिया। उसके पीछे आने से अंजान पिता के हाथों से एक ऐसा अपराध हो गया, जिसके लिए वह खुद को जिंदगी भर कोसते रहेंगे। भले यह अपराध अंजाने में हुआ हो लेकिन अब मासूम अमन का साथ उनसे जिंदगी भर के लिए छूट गया। होश आने पर जब मोहम्मद हसन को मासूम अमन की मौत की जानकारी हुई तो वह रो-रोकर फिर बेसुध हो गए। बार-बार खुद को गुनहगार बताते हुए वह एक ही बात कह रहे थे कि अगर एक बार पीछे मुड़कर देख लेते तो शायद यह हादसा न होता। गागन चौराहे पर एक निजी अस्पताल में प्रैक्टिस करने वाले मोहम्मद हसन ने बताया कि मासूम अमन के अलावा उनके दो बच्चे और है। अमन सबसे छोटा होने के कारण सभी का लाडला था। उन्होंने रोते हुए कहा कि हाल से कार तक जाते-जाते उनको जरा भी अहसास नहीं हुआ कि उनके जिगर का टुकड़ा पीछे-पीछे आ रहा है।

चौकीदार होता तो बच सकती थी जान
भले ही यह घटना एक पिता द्वारा अंजाने में हुई हो लेकिन इसके बाद बैंक्वेट हाल संचालकों की मनमानी भी सामने आई है। मोटी रकम लेने के बाद भी यह हाल संचालक सुविधाओं के नाम पर लोगों के साथ छलावा करते हैं। इस घटना के बाद यही छलावा सामने आया। निकाह में शामिल होने आए लोगों के अनुसार जहां पर कार पार्किंग की व्यवस्था थी वहां पर कोई चौकीदार तैनात नहीं था। लोगों का कहना था कि अगर चौकीदार की तैनाती होती तो शायद मासूम अमन की जान बच जाती।

संबंधित समाचार