हल्द्वानी: एसटीएच में खुली ओपीडी, पहले दिन पहुंचे 278 रोगी
हल्द्वानी, अमृत विचार। कोविड संक्रमण कम होने के साथ ही सुशीला तिवारी राजकीय चिकित्सालय की ओपीडी खुल गई। इससे मरीजों को काफी राहत मिली। हालांकि सामान्य दिनों की अपेक्षा यहां पहुंचने वाले रोगियों की संख्या कम रही। एसटीएच को कुमाऊं को प्रमुख कोविड अस्पताल बनाया गया है। जब कोरोना के मरीजों की संख्या ज्यादा होने …
हल्द्वानी, अमृत विचार। कोविड संक्रमण कम होने के साथ ही सुशीला तिवारी राजकीय चिकित्सालय की ओपीडी खुल गई। इससे मरीजों को काफी राहत मिली। हालांकि सामान्य दिनों की अपेक्षा यहां पहुंचने वाले रोगियों की संख्या कम रही।
एसटीएच को कुमाऊं को प्रमुख कोविड अस्पताल बनाया गया है। जब कोरोना के मरीजों की संख्या ज्यादा होने लगी तो यहां पर ओपीडी को बंद कर दिया गया। इसके बाद यहां आने वाले मरीजों को काफी दिक्कतों और परेशानियों को झेलना पड़ा। सस्ता उपचार मिलने की वजह से यहां पर दूर-दूर से रोगी आते हैं। शुक्रवार को 49 दिनों के बाद एसटीएच की ओपीडी को खोल दिया गया। सुबह आठ बजे ही मरीज पर्चा बनाने पहुंच गए। नौ बजे से ओपीडी में डॉक्टरों ने मरीजों को देखना शुरू कर दिया।
दोपहर बाद तीन बजे ओपीडी बंद होने तक कुल 278 मरीजों को देखा जा चुका था। मेडिसन, चर्म रोग, अस्थी विभाग, बाल रोग, स्त्री और प्रसूति रोग, मनोरोग आदि विभागों में मरीज पहुंचे। यहां आने वाले मरीजों और उनके तीमारदारों के लिए कोविड नियमों का सख्ती से पालन किया गया। एक मरीज के साथ एक ही तीमारदार को आने की इजाजत दी जा रही है। मास्क और सोशल डिस्टेंसिंग का इस्तेमाल करना अनिवार्य किया गया।
ओपीडी में आने से पहले सभी लोगों का तापमान मापा गया। अस्पताल प्रशासन का कहना है कि काफी दिनों बाद ओपीडी खुली है। अभी कई लोगों को ओपीडी का पता नहीं है। बाद के दिनों में ओपीडी में आने वाले मरीजों की संख्या और बढ़ जाएगी। वैसे सामान्य दिनों में एसटीएच की ओपीडी में 2500 तक मरीज आते हैं।
