बरेली: संक्रमण से है जंग, हार नहीं मानेंगे हम… कोरोना के 16 तो ब्लैक फंगस के 5 नए मरीज मिले
बरेली, अमृत विचार। जिले में शुक्रवार को कोरोना संक्रमण की रफ्तार में कुछ बढ़ोत्तरी देखी गई। स्वास्थ्य विभाग की ओर से जारी आंकड़ों के मुताबिक जिले में 16 नए कोरोना संक्रमित मिले लेकिन मौत एक भी नहीं हुई। इससे स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने राहत की सांस ली है। बुधवार को 5790 लोगों की जांच …
बरेली, अमृत विचार। जिले में शुक्रवार को कोरोना संक्रमण की रफ्तार में कुछ बढ़ोत्तरी देखी गई। स्वास्थ्य विभाग की ओर से जारी आंकड़ों के मुताबिक जिले में 16 नए कोरोना संक्रमित मिले लेकिन मौत एक भी नहीं हुई। इससे स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने राहत की सांस ली है। बुधवार को 5790 लोगों की जांच की गई, जिसमें से 5784 लोगों की रिपोर्ट निगेटिव आई है। जिले में वर्तमान में सक्रिय मामले की संख्या भी घटकर 420 रह गई है। अधिकारियों के अनुसार संक्रमितों को स्थितिवार होम आइसोलेशन व कोविड अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जिले में निकले ब्लैक फंगस के पांच मरीज
मंडल में कोरोना संक्रमितों के आंकड़े में लगातार कमी आ रही है लेकिन ब्लैक फंगस के मामले बढ़ते जा रहे हैं। शुक्रवार को ब्लैक फंगस के पांच नए मरीज मिले, हालांकि उनकी हालत स्थिर बनी हुई है। जिला सर्विलांस अधिकारी डॉ. रंजन गौतम के अनुसार पिछले कुछ दिनों में ब्लैक फंगस के मरीज लगातार बढ़ रहे हैं।
मंडल में ब्लैक फंगस के मरीजों की संख्या बढ़कर अब 60 हो गई है। जिन मरीजों में ब्लैक फंगस की पुष्टि हुई, उनमें 31 बरेली और बाकी 29 मामले अन्य जिलों के हैं। जिला सर्विलांस अधिकारी का कहना है कि ब्लैक फंगस को लेकर स्थिति गंभीर है। उन्होंने लोगों से लक्षण दिखाई देने पर तुरंत अस्पताल जाने की सलाह दी है।
विधायक कार्यालय पर लगा वैक्सीनेशन शिविर
कोरोना संक्रमण के प्रकोप से शहर वासियों को प्रतिरक्षित करने के उद्देश्य से नगर विधायक डा. अरूण कुमार ने गांधी नगर स्थित अपने कार्यालय पर शुक्रवार को वैक्सीनेशन शिविर का आयोजन किया गया। वैक्सीनेशन शिविर में 18 वर्ष से 45 वर्ष तक के 134 युवाओं एवं 45 वर्ष से ऊपर के 88 लोगों ने कुल मिलाकर 222 लोगों ने टीकाकरण करवाया। टीकाकरण शिविर में स्वास्थ अधिकारी डा. विजेंद्र व उनकी पूरी टीम ने टीकाकरण कार्य किया। उन्होंने बताया कि बीते दस दिनों से ये वैक्सीनेशन शिविर आयोजित किया जा रहा है, जो आगे भी ऐसे ही जारी रहेगा।
