हल्द्वानी: तीन माह में 3 गुना बढ़ गए दुष्कर्म के केस, 8 गुना बढ़ गए अपहरण के मामले
गौरव पांडेय, अमृत विचार। इस साल का कोरोना काल पिछले वर्ष के मुकाबले महिलाओं पर भारी गुजर रहा है। पिछले साल के मुकाबले इस वर्ष के तीन माह में महिलाओं से दुष्कर्म के मामलों में तीन गुना तक बढ़ोत्तरी हुई है। यही नहीं, अपहरण के मामलों का ग्राफ भी आठ गुना तक चढ़ा है। हालांकि …
गौरव पांडेय, अमृत विचार। इस साल का कोरोना काल पिछले वर्ष के मुकाबले महिलाओं पर भारी गुजर रहा है। पिछले साल के मुकाबले इस वर्ष के तीन माह में महिलाओं से दुष्कर्म के मामलों में तीन गुना तक बढ़ोत्तरी हुई है। यही नहीं, अपहरण के मामलों का ग्राफ भी आठ गुना तक चढ़ा है। हालांकि सरकारी रिकॉर्ड को देखें तो रिपोर्ट दर्ज होने में कमी आई है, लेकिन चोरी और टप्पेबाजी के मामले ज्यादा होने सामने आए हैं।
पिछले साल के कोरोना काल की बात करें तो नैनीताल जिले में वर्ष 2020 में एक मार्च से 31 मई तक महिलाओं से दुष्कर्म होने की वारदात की छह रिपोर्ट दर्ज की गईं थीं। जबकि इस वर्ष गुजरे तीन माह मार्च, अप्रैल और मई के भीतर दुष्कर्म जैसे संगीन केसों के 18 मामले दर्ज हो चुके हैं। गुजरे तीन माह और पिछले वर्ष के तीन माह के आंकड़ों को देखें तो दुष्कर्म के मामलों में तीन गुना बढ़ोत्तरी हुई। इनके अलावा जून माह की बात करें तो काठगोदाम में दुष्कर्म तो लालकुआं में सामूहिक दुष्कर्म की रिपोर्ट दर्ज हुई है। दूसरी ओर महिलाओं के अपहरण के मामले भी तेजी से बढ़े। पिछले साल तीन माह के दौरान अपहरण का महज एक मामला रिपोर्ट हुआ था। जबकि इस वर्ष तीन माह के भीतर अपहरण के आठ मामले दर्ज हुए हैं।
हत्याओं का भी चढ़ा ग्राफ
हल्द्वानी। पिछले वर्ष तीन माह के दौरान नैनीताल जिले में हत्या की महज एक वारदात हुई थी, लेकिन इस वर्ष के गुजरे तीन माह मार्च, अप्रैल और मई में हत्याओं के मामले सात गुना तक बढ़ गए। वर्ष 2020 में एक मार्च से 31 मई तक एक हत्या हुई थी, लेकिन इस वर्ष मई माह तक हत्याओं के सात मामले दर्ज किए गए। औसतन हर माह हत्या के दो मामले सामने आए हैं।
चोरों की सक्रियता भी बढ़ी
हल्द्वानी। इस वर्ष के कोरोना काल में चोरों की सक्रियता तेजी से बढ़ी। पिछले वर्ष के मुकाबले दो गुना अधिक चोरियों की वारदात हुई। पिछले वर्ष तीन माह में चोरी के 16 मामले दर्ज हुए थे। जबकि इस वर्ष तीन माह के भीतर 31 वारदात हुई। पिछले वर्ष तीन माह में वाहन चोरी की सात वारदात हुई। जबकि इस वर्ष तीन माह में वाहन चोरी का आंकड़ा 14 पहुंच गया।
महिलाओं के प्रति अपराध बढ़ना चिंताजनक है। पुलिस की प्राथमिकता महिलाओं को त्वरित न्याय दिलाना है। अधिकांश घटनाओं को वर्क आउट कर लिया गया है। बाकी जो अनवर्क हैं, उन्हें भी जल्द सुलझा लिया जाएगा।
-देवेंद्र पिंचा, एसपी क्राइम नैनीताल
