बनबसा: दोस्त को बचाने शारदा नहर में कूदा जवान, खुद भी लापता, पढ़िए पूरी खबर…

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बनबसा, अमृत विचार। शारदा नहर में अपने दोस्त को डूबता देख उसे बचाने के लिए असम राइफल का जवान भी नहर में कूद गया।  सूचना पर ग्रामीणों और पुलिस के गोताखोरों ने पूरी रात और मंगलवार को सर्च अभियान चलाया, लेकिन बारिश होने और नहर में पानी बढ़ने की वजह से सफलता नहीं मिल सकी …

बनबसा, अमृत विचार। शारदा नहर में अपने दोस्त को डूबता देख उसे बचाने के लिए असम राइफल का जवान भी नहर में कूद गया।  सूचना पर ग्रामीणों और पुलिस के गोताखोरों ने पूरी रात और मंगलवार को सर्च अभियान चलाया, लेकिन बारिश होने और नहर में पानी बढ़ने की वजह से सफलता नहीं मिल सकी है।

गढ़ीगोठ निवासी नवीन जोशी असम रायफल्स में तैनात है। घर में मां के अलावा पत्नी हेमा जोशी, पुत्र अंशु (17) और पुत्री सुहानी (15) है। पुत्र 12वीं और पुत्री 10वीं में पढ़ती है। जवान नवीन जोशी सोमवार शाम गांव के ही दोस्त हर्ष बहादुर चंद और गोविंद शाह के साथ एसएसबी चौकी के पास गढ़ीगोठ पुल पर बैठा था। इसी बीच हर्ष बहादुर चंद बैराज से लोहियाहेड जाने वाली शारदा नहर में अचानक गिर गया। यह देख नवीन जोशी उसे बचाने के लिए नहर में कूद गया।

हर्ष बहादुर तो तैरकर नहर से बाहर आ गया, लेकिन नवीन जोशी नहीं आया। इस पर उसके साथियों ने कुछ देर इंतजार किया, लेकिन जब काफी देर तक वह बाहर नहीं आया तो ग्रामीणों और उसके परिजनों को इसकी जानकारी दी। इस पर गांव वालों ने पुलिस को सूचना देने के साथ ही रात में जवान की खोजबीन शुरू की। इसी बीच बनबसा थानाध्यक्ष धर्मवीर सोलंकी दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस कर्मियों ने ग्रामीणों के साथ मिलकर जवान की खोजबीन की, लेकिन अंधेरा होने के साथ ही बारिश होने और नहर में पानी बढ़ने की वजह से सफलता नहीं मिली। इसके बाद मंगलवार सुबह पुलिस के गोताखोरों की मदद से फिर सर्च अभियान चलाया गया, लेकिन अब तक नहर में डूब जवान का कोई पता नहीं चल पाया है। समाचार लिखे जाने तक सर्च अभियान जारी था।

दो माह पहले छुट्टी पर घर आया था जवान
असम राइफल का जवान नवीन जोशी दो माह पहले छुट्टी पर घर आया था। तब से वह घर पर था। पत्नी और बच्चों को भी उसने नवंबर 2020 में गढ़ीगोठ स्थित घर पहुंचाया था। तीन भाइयों में नवीन जोशी दूसरे नंबर का था। बड़े भाई जगदीश जोशी की पूर्व में मौत हो चुकी है, जबकि छोटा भाई मनोज गढ़ीगोठ में डेयरी का काम करता है।

संबंधित समाचार