इनकी कौन सुनेगा! पांच माह से नहीं मिला रोडवेज कर्मचारियों को वेतन
अमृत विचार, हल्द्वानी। कोरोना संक्रमण की चपेट में आने की वजह से काल के गाल में समा चुके कर्मचारियों के परिजनों को परिवहन विभाग द्वारा अनुदान देने में टाल मटोली की जा रही है। उधर कर्मचारियों को अभी तक पांच माह से वेतन का भुगतान नही किया गया है। विभाग के इस लापरवाही रवैये से …
अमृत विचार, हल्द्वानी। कोरोना संक्रमण की चपेट में आने की वजह से काल के गाल में समा चुके कर्मचारियों के परिजनों को परिवहन विभाग द्वारा अनुदान देने में टाल मटोली की जा रही है। उधर कर्मचारियों को अभी तक पांच माह से वेतन का भुगतान नही किया गया है। विभाग के इस लापरवाही रवैये से नाराज चल रहे कर्मचारियों का धरना लगातार जारी है।
मंगलवार को रोडवेज कर्मचारी संयुक्त परिषद के प्रांत स्तरीय आंदोलन के नोटिस के द्वितीय चरण में कर्मचारियों द्वारा मंडलीय प्रबंधक कार्यालय परिसर में सांकेतिक धरना दिया गया है।प्रदेश अध्यक्ष विक्रम सिंह डंगवाल ने बताया की परिवहन सचिव रंजीत सिन्हा की अध्यक्षता में हुई द्विपक्षीप वार्ता के बाद भी ठोस कार्यवाही नही की गई। जबकि राज्य सरकार द्वारा अन्य उद्योगों को आर्थिक सहायता मुहैया करा रही है। कोविड महामारी व दैवीय आपदा के दौरान रोडवेज कर्मचारियों ने अनेक चुनौतियों के बीच सरकार का साथ दिया है। इसके बावजूद कर्मचारियों का वेतन व अनुदान के लिए लड़ाई लड़नी पड़ रही है।
क्षेत्रीय अध्यक्ष आन सिंह जीना ने कहा की जब तक कर्मचारियों का वेतन भुगतान नही होता तब तक आंदोलन जारी रहेगा। उन्होंने विभाग की मंशा पर सवाल खड़ा करते हुए कहा कि कोरोना काल में बगैर यात्रियों के बस संचालन से लाखों का घाटा हुआ है। जो सिर्फ विभागीय लापरवाही का ही नतीजा है। धरना स्थल पर जगमोहन, शंकर, आरएस नेगी, जगदीश शर्मा, राजेश कोहली, सुभाष मिश्रा, जगदीश कांडपाल, उमेश, हंसा आदि लोग उपस्थित रहे।
