कुशीनगर: घर से निकला युवक और फिर… मिट्टी में दबा मिला शव
कुशीनगर, अमृत बिचार। जनपद के कसया थाना क्षेत्र के मैनपुर गांव के टोला शिवपट्टी से बुधवार की शाम से गायब युवक का शव गांव के बगल में स्थित ईंट-भट्ठे के पास जमीन के अंदर मिट्टी में दबा मिला है। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को अपने कब्जे मे लेकर पोस्टमार्टम के लिए …
कुशीनगर, अमृत बिचार। जनपद के कसया थाना क्षेत्र के मैनपुर गांव के टोला शिवपट्टी से बुधवार की शाम से गायब युवक का शव गांव के बगल में स्थित ईंट-भट्ठे के पास जमीन के अंदर मिट्टी में दबा मिला है। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को अपने कब्जे मे लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और छानबीन शुरू कर दी है।
मैनपुर गांव के शिवपट्टी टोला निवासी वकील अंसारी (43) बुधवार की शाम करीब सात बजे घर से किसी कार्य से निकले लेकिन देर रात तक वापस नहीं आए। गुरुवार की सुबह परिजन पुलिस को तहरीर देकर उनके गायब होने की सूचना दिए थे। परिजन और गांव के लोग अगल-बगल ढूंढते रहे। तभी किसी ने गांव के बगल स्थित ईंट-भट्ठे के दक्षिण दिशा में मिट्टी खुदी देखा तो युवक के परिजनों को सूचना दी।
संदेह के आधार पर परिजन मिट्टी की खुदाई करने लगे तो मिट्टी के अंदर युवक का शव दबा मिला। घटना की जानकारी मिलते ही वहां भीड़ एकत्र हो गई। सूचना पर पहुंचे सीओ कसया पीयूषकांत राय, एसओ अखिलेश प्रताप सिंह ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। सीओ एवं एसओ ने ईंट-भट्ठे पर काम रहे मजदूरों से इस संबंध में पूछताछ भी की। वहीं ईट-भट्ठा मालिक वहां नहीं मिले।
गांव के लोगों का कहना है कि जहां शव मिला है, वहां तक जेसीबी के जाने के निशान पाए गए हैं। एसओ कसया ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो पाएगी। घटना का शीघ्र पर्दाफाश किया जाएगा।
