बरेली: दहेज की मांग पूरी न होने पर विवाहिता को तीन तलाक देकर निकाला
बरेली, अमृत विचार। तीन तलाक पर कानून बनने के बाद भी लगातार तीन तलाक के मामले सामने आ रहे हैं। शिकायत मिलने के बाद पुलिस रिपोर्ट दर्ज कर लेती है लेकिन आरोपियों के खिलाफ कोई कार्यवाही नहीं करती है। सीबीगंज में भी एक महिला को दहेज की मांग पूरी न होने पर तीन तलाक दे …
बरेली, अमृत विचार। तीन तलाक पर कानून बनने के बाद भी लगातार तीन तलाक के मामले सामने आ रहे हैं। शिकायत मिलने के बाद पुलिस रिपोर्ट दर्ज कर लेती है लेकिन आरोपियों के खिलाफ कोई कार्यवाही नहीं करती है। सीबीगंज में भी एक महिला को दहेज की मांग पूरी न होने पर तीन तलाक दे दिया गया। महिला को पति ने पीटकर घर से निकाल दिया। महिला का आरोप है कि पति ने आठ माह की बेटी को भी अपने पास रख लिया है।
मथुरापुर बीडीए कॉलोनी निवासी आसिया ने बताया उसका निकाह 22 जून 2019 को स्वाले नगर के रहने वाले चांद बाबू पुत्र रईस के साथ हुआ था। महिला का आरोप है कि शादी के बाद से ही उसके ससुराल के लोग दहेज को लेकर उसे प्रताड़ित करते थे। पति और सास-ससुर के साथ अन्य ससुराली मायके से ₹5 लाख रुपए और एक बाइक लाने की मांग कर रहे थे। मांग पूरी न होने पर उसके साथ मारपीट की जाती थी।
आरोप है कि 17 जून 2021 की रात को उसके पति सास-ससुर देवर और नंद ने मायके से बाइक और पैसे न लाने को लेकर उसके साथ मारपीट की। पति ने डंडा मारकर उसे घायल कर दिया। उसके बाद उसकी 8 महीने की बच्ची को छीन कर पति ने तीन तलाक देकर उसे घर से निकाल दिया। शुक्रवार को महिला ने एसएसपी के कार्यालय में प्रार्थना पत्र देकर आरोपी ससुरालियों पर रिपोर्ट दर्ज कराने की मांग की है। शिकायत मिलने के बाद अधिकारियों ने सीबीगंज पुलिस को कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
