हल्द्वानी: दूसरी लहर से उबरे नहीं, तीसरी से पार पाने की तैयारी
हल्द्वानी, अमृत विचार। कोरोना की अभी दूसरी लहर से उत्तराखंड उबरा नहीं कि तीसरी लहर से निपटने की तैयारियां शुरू हो गई हैं। माना जा रहा है कि आगामी एक से डेढ़ माह में तीसरी लहर शुरू हो जाएगी। हालांकि दावा किया जा रहा है कि इस बार जनपद में स्वास्थ्य सेवाएं नहीं चरमराएंगी। तीसरी …
हल्द्वानी, अमृत विचार। कोरोना की अभी दूसरी लहर से उत्तराखंड उबरा नहीं कि तीसरी लहर से निपटने की तैयारियां शुरू हो गई हैं। माना जा रहा है कि आगामी एक से डेढ़ माह में तीसरी लहर शुरू हो जाएगी। हालांकि दावा किया जा रहा है कि इस बार जनपद में स्वास्थ्य सेवाएं नहीं चरमराएंगी।
तीसरी लहर से पहले जनरल बीपी जोशी कोविड अस्पताल बनाया जा चुका है। इस अस्पताल में 500 बेड हैं। यहां पर बच्चों के साथ उनके अभिभावकों के रहने की भी व्यवस्था कर दी गई है। इस अस्पताल में मरीजों को भर्ती किया जाना शुरू कर दिया गया है। तीसरी लहर से निपटने के लिए पूरे कुमाऊं मंडल को इस अस्पताल से बहुत बड़ी आस रहेगी।
इसका निर्माण दूसरी लहर शुरू होने के बाद डीआरडीओ के प्रयासों से किया गया था। इस फैब्रिकेटड अस्पताल को दो माह के अंदर ही बना दिया गया था। अब इसे एसटीएच के अधीन कर दिया गया। एसटीएच के एमएस डा. अरूण जोशी इसके प्रभारी हैं। साथ ही मेडिकल कॉलज हल्द्वानी पहले से ही कोविड केयर का बड़ा सेंटर है। यहां पर कोविड मरीजों के लिए 200 बेड हैं। पीएचसी स्तर पर भी कोविड केयर सेंटर बनाए जा रहे हैं।
आक्सीजन जेनरेशन प्लांट
हल्द्वानी। मेडिकल कॉलेज ने इस बार आक्सीजन की समस्या से निपटने के लिए ऑक्सीजन जेनरेशन प्लांट लगाया है। तीसरी लहर की भयावकता के अनुमान को देखते हुए पहाड़ों में ऐसे प्लांट बनाए गए हैं। यही नहीं, स्वास्थ्य केंद्रों में भी यह सुविधा की जा रही है।
कोविड बच्चों के उपचार का प्रशिक्षण शुरू
हल्द्वानी। एसटीएच में कोविड की तीसरी लहर से पहले कोविड संक्रमित बच्चों के उपचार के लिए प्रशिक्षण शुरू कर दिया गया है। इसमें कुमाऊं भर के डाक्टरों को बुलाया जा रहा है। इस कार्यक्रम में स्टाफ नर्सों को भी अलग से प्रशिक्षण दिया जा रहा है।
यहां हैं कमजोर
हल्द्वानी। कोविड की तीसरी लहर से पहले भी जनपद में मुश्किल से 30 प्रतिशत कोरोना टीकाकरण हो पाएगा। अगर दोहरे टीकाकरण की बात करें तो यह संख्या और भी कम रहेगी। सरकार दस साल से कम उम्र के बच्चों के माता-पिता के लिए कोरोना टीकाकरण को लेकर भी कोई योजना नहीं ला पाई है।
अब तक कोविड के कहर पर नजर
कुमाऊं के छह जनपदों में कुल कोविड मरीजों की संख्या
जनपद कुल मरीज मौत
नैनीताल 38682 907
ऊधमसिंह नगर 37456 755
अल्मोड़ा 11890 24
पिथौरागढ़ 9835 140
बागेश्वर 5632 48
चंपावत 7424 53
