काशीपुर: ट्रक ने गत्ता प्लांट स्वामी को कुचला, मौत
काशीपुर, अमृत विचार। ट्रक से कुचलकर गत्ता प्लांट स्वामी की मौत हो गई। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेजा है। दुर्घटना के बाद आरोपी ट्रक चालक वाहन मौके पर छोड़ फरार हो गया। ग्राम अहरपुरा निवासी भरत व्यास (37) पुत्र हरपाल सिंह का ग्राम बरखेड़ा पांडे के पास गत्ता प्लांट है। मंगलवार …
काशीपुर, अमृत विचार। ट्रक से कुचलकर गत्ता प्लांट स्वामी की मौत हो गई। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेजा है। दुर्घटना के बाद आरोपी ट्रक चालक वाहन मौके पर छोड़ फरार हो गया।
ग्राम अहरपुरा निवासी भरत व्यास (37) पुत्र हरपाल सिंह का ग्राम बरखेड़ा पांडे के पास गत्ता प्लांट है। मंगलवार शाम भरत स्कूटी लेकर गत्ता प्लांट जा रहा था। इसी दौरान हिमालय फूड पार्क के पास पीछे से आ रहे खाली ट्रक ने स्कूटी को टक्कर मार दी। जिससे भरत नीचे गिर गया और ट्रक ने उसे कुचल दिया। भरत की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद ट्रक चालक मौका देख फरार हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेज दिया। मृतक भरत के बड़े भाई आनंद सिंह ने बताया कि कई बार ग्रामीण गांव के रास्ते से भारी वाहनों की आवाजाही को लेकर विरोध जता चुके हैं। लेकिन प्रशासन और पुलिस इस और ध्यान नहीं दे रहा है।
आनंद ने बताया कि गांव के मार्ग से भारी वाहन न गुजरे इसको लेकर भरत ने गांव में हस्ताक्षर अभियान भी चलाया था। लेकिन किस को पता था जिस मुहिम के लिए वह काम कर रहा था। वही इस घटना का शिकार हो जाएगा। आनंद ने बताया कि मृतक भरत पांच भाईयों में चौथे नंबर का था। उसका एक पांच साल का पुत्र व तीन साल की पुत्री है। दो साल पहले ही वह उत्तराखंड एटीएस से नौकरी छोड़कर आया था। समाचार लिखे जाने तक मुकदमा दर्ज नहीं हुआ था।
