मुख्यमंत्री तीरथ सिंह के चेहरे पर ही चुनाव लड़ेगी भाजपा: त्रिवेंद्र सिंह रावत
हल्द्वानी/काशीपुर, अमृत विचार। उत्तराखंड में चल रहे सियासी संकट के बीच पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने कहा है कि साल 2022 का चुनाव मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत के चेहरे पर लड़ा जाएगा। भाजपा अपने साढ़े चार साल के कामों के आधार पर जनता के बीच जाएगी। काशीपुर और हल्द्वानी में बुधवार को आयोजित रक्तदान …
हल्द्वानी/काशीपुर, अमृत विचार। उत्तराखंड में चल रहे सियासी संकट के बीच पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने कहा है कि साल 2022 का चुनाव मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत के चेहरे पर लड़ा जाएगा। भाजपा अपने साढ़े चार साल के कामों के आधार पर जनता के बीच जाएगी।
काशीपुर और हल्द्वानी में बुधवार को आयोजित रक्तदान शिविर में प्रेस वार्ता के दौरान पूर्व सीएम ने कहा कि प्रदेश में भाजपा सरकार पिछले साढ़े चार वर्षों से बेहतर काम कर रही है। पार्टी में कुछ लोग नाराज हो सकते हैं लेकिन इसे समय आने पर बातचीत के जरिए सुलझा लिया जाएगा। रावत ने कांग्रेस पर हमला बोलते हुए कहा कि कांग्रेस का ऐसा स्वभाव रहा है कि 75-77 बार उसने देश के विभिन्न राज्यों में राष्ट्रपति शासन लगाया। कांग्रेस अपने स्वार्थ के लिए बात करती है। कांग्रेस में सेवाभाव का अभाव है। अच्छा होता कि कोविड काल में वह सेवाभाव से जनता के बीच जाते।
नेतृत्व परिवर्तन के सवाल पर पूर्व सीएम ने कहा कि वह साढ़े चार साल तक काम करते थक गए थे इसलिए नए और ऊर्जावान व्यक्ति को सीएम बनाया गया है। भाजपा सरकार 18 मार्च 2017 से चल रही है। तब भी टीएसआर थे अब भी टीएसआर हैं। कैबिनेट मंत्री हरक सिंह रावत द्वारा उन पर हमले किए जाने को लेकर पूछे गए सवाल पर रावत बोले कि जो मुखिया होता है उसे ऐसे हमले झेलने ही पड़ते हैं।
कुंभ में नहीं कोई घोटाला
पूर्व सीएम ने कुंभ के कोरोना टेस्ट घोटाले से इंकार करते कहा कि सीएम ने एसआईटी जांच बिठाई है। विपक्ष जल्दबाजी न करे। जांच में जल्द ही तस्वीर साफ हो जाएगी।
केंद्रीय कैबिनेट की दौड़ में त्रिवेंद्र
पूर्व सीएम रावत केंद्रीय कैबिनेट की दौड़ में शामिल हैं। कैबिनेट विस्तार की चर्चाओं के बीच इस संभावना को बल मिला है। रावत ने हल्द्वानी में अपने बयान से भी इसके संकेत दिए हैं। उन्होंने खुद को बड़ी जिम्मेदारी मिलने की उम्मीद जताई। इधर, राजनीतिक विश्लेषकों के अनुसार पार्टी त्रिवेंद्र को पौड़ी लोकसभा से चुनाव लड़वाने के अलावा खाली होने वाली राज्यसभा सीट पर भी टिकट दे सकती है।
सरकार-संगठन के सेवा कार्य सराहनीय
रावत ने कहा कि कोविड काल में सरकार और संगठन के सेवा कार्य सराहनीय हैं। अपनी जिम्मेदारी समझकर लोगों को घर-घर जाकर दवाई की किटें और ऑक्सीजन पहुंचाई। महामारी में रक्त बैंक खाली होने पर 14 मई को डोईवाला से रक्तदान शिविर की शुरुआत कर कार्यकर्ताओं से पहले रक्तदान बाद में टीकाकरण का आह्वान किया गया। आज हमारे रक्त बैंकों में खून की कमी नहीं है।
