लखीमपुर-खीरी: बाढ़ में बहे युवक का तीसरे दिन शव मिला
लखीमपुर-खीरी, अमृत विचार। थाना फूलबहेड़ क्षेत्र में बाढ़ के पानी की तेज धार में बहे युवक का तीसरे दिन गोताखोरों ने शव बरामद कर लिया। शव मिलते ही उसके परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम को भेजा है। थाना फूलबेहड़ के गांव मेंहदी निवासी शाकिर अली का 28 वर्षीय पुत्र जाबिर अली …
लखीमपुर-खीरी, अमृत विचार। थाना फूलबहेड़ क्षेत्र में बाढ़ के पानी की तेज धार में बहे युवक का तीसरे दिन गोताखोरों ने शव बरामद कर लिया। शव मिलते ही उसके परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम को भेजा है।
थाना फूलबेहड़ के गांव मेंहदी निवासी शाकिर अली का 28 वर्षीय पुत्र जाबिर अली सोमवार को किसी काम से घर से गया था। वह पैदल शाम को वापस घर लौट रहा था। गांव खमरिया के निकट बाढ़ के पानी की तेज धार में वह बह गया था। हालांकि मौके पर मौजूद लोगों ने उसे बचाने की कोशिश की लेकिन धार इतनी तेज थी कि वह कामयाब नहीं हो सके।
सूचना पर राजस्व निरीक्षक अंकित अवस्थी, प्रभारी निरीक्षक एसएन सिंह भारी फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने गोताखोरों को बुलाकर युवक की तलाश कराई, लेकिन अंधेरा होने के कारण सफलता नहीं मिल सकी थी। तभी से लगातार ग्रामीण और परिवार के लोग नाव के सहारे गोताखोरों के साथ उसकी तलाश कर रहे थे।
बुधवार की सुबह करीब 10 बजे जिस स्थान पर युवक डूबा था, उससे कुछ ही दूरी पर स्थित गन्ने के खेत में शव फंसा बरामद कर लिया। शव मिलने की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। रोते-विलखते परिवार के लोग मौके पर पहुंच गए। तमाम लोगों की भीड़ भी जुट गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम को भेजा है। युवक की मौत से उसके घर में कोहराम मचा है।
