हल्द्वानी: डीआईजी के सेबों को बचाने के लिए बंदरों की निगरानी करेंगे पुलिस कर्मी

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

हल्द्वानी, अमृत विचार। राज्य में पुलिस कर्मियों की काफी कमी है। सड़क और चौराहों पर ड्यूटी से लेकर नागरिकों को अपनी सुरक्षा के लिए पुलिस कर्मी ढूंढे नहीं मिल पा रहे। उत्तराखंड पुलिस नागरिक सुरक्षा में संयुक्त राष्ट्र के मानक पूरे नहीं करती। इस बीच पुलिस महकमे से अजीबोगरीब फरमान सामने आया है। पौड़ी में …

हल्द्वानी, अमृत विचार। राज्य में पुलिस कर्मियों की काफी कमी है। सड़क और चौराहों पर ड्यूटी से लेकर नागरिकों को अपनी सुरक्षा के लिए पुलिस कर्मी ढूंढे नहीं मिल पा रहे। उत्तराखंड पुलिस नागरिक सुरक्षा में संयुक्त राष्ट्र के मानक पूरे नहीं करती। इस बीच पुलिस महकमे से अजीबोगरीब फरमान सामने आया है। पौड़ी में गढ़वाल के डीआईजी के बंगले में सेब के पेड़ को बचाने के लिए सीओ ने फरमान जारी किया है। पुलिस कर्मियों को सेबों को बचाने के लिए बंदरों की निगरानी की ड्यूटी करने के आदेश दिए हैं।

गढ़वाल मुख्यालय के पौड़ी में डीआईजी के बंगले में सेब का एक फलदार पेड़ है। इस पेड़ पर बंदरों का उत्पात गहराया है। पुलिस कर्मियों की मौजूदगी में बंदरों का झुंड फलों पर हाथ साफ कर देता है। इससे पुलिस अफसर खासे नाराज हो गए। बात अधीनस्थों तक पहुंची और उपाधीक्षक ने बंदरों को भगाने का फरमान जारी कर दिया। आदेश पौड़ी गढ़वाल के प्रतिसार निरीक्षक को जारी किया गया। इसमें साफ कहा गया है कि पेड़ की सुरक्षा में लापरवाही न बरती जाए।

बंदरों से फलों को बचाने का प्रयास करें। इसके साथ ही यह भी ताकीद किया है कि इस आदेश का कड़ाई से अनुपालन हो। ऐसा न होने पर सुरक्षा गार्द पर दंडात्मक कार्रवाई की चेतावनी भी दी है। बता दें कि पहले से ही डीआईजी के बंगले में सुरक्षा गार्द तैनात रहती है। इस आदेश के बाद सुरक्षा गार्द के हाथ-पांव फूल गए हैं।

संबंधित समाचार