सितारगंज: बीमा पॉलिसी के नाम पर डॉक्टर से ठगे आठ लाख

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

सितारगंज, अमृत विचार। बीमा पॉलिसी के नाम पर डॉक्टर से आठ लाख रुपये ठग लिए गए। पीड़ित ने पुलिस को तहरीर देकर ठगों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की। इस पर पुलिस ने अज्ञात ठगों के खिलाफ धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शहर के वार्ड संख्या 10 निवासी डॉ. …

सितारगंज, अमृत विचार। बीमा पॉलिसी के नाम पर डॉक्टर से आठ लाख रुपये ठग लिए गए। पीड़ित ने पुलिस को तहरीर देकर ठगों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की। इस पर पुलिस ने अज्ञात ठगों के खिलाफ धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
शहर के वार्ड संख्या 10 निवासी डॉ. महेन्द्र सिंह पुत्र स्व. गिरवर सिंह ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि 31 दिसंबर 2020 को उनके मोबाइल पर अज्ञात नंबर से कॉल आया। कॉलर ने खुद का परिचय अदिति गुप्ता दिल्ली स्थित वित्तीय विभाग से कराया।

महिला ने कहा कि बजाज एलायंस की बीमा पॉलिसी का काफी पैसा आया है, जो वापिस हो जाएगा। उसने पॉलिसी लेने के लिए भटनागर नाम के व्यक्ति से मोबाइल नंबर पर बात करने की सलाह दी। भटनागर नाम के व्यक्ति से बात करने पर उन्होंने 45,500 रुपये खाते में जमा करने को कहा। इस पर उन्होंने एक्सिस बैंक के खाते में जमा करा दिए। उन्होंने फिर से 1,28,000 रुपये यस बैंक के खाते में आरटीजीएस कराने को कहा। इस पर 20 जनवरी 2021 को यह रकम भी आरटीजीएस करा दी। इसके बाद भटनागर ने फाइल पास कर रमेश श्रीवास्तव को भेजना बताया और उसका मोबाइल नंबर दिया।

उन्होंने भी 25 लाख रुपये यस बैंक में जमा करने को कहा। जो कि 25 जनवरी 2021 को जमा कर दिए। 28 जनवरी 2021 बीमा कंपनी का क्लीयरेंस कराने के लिए दो लाख रुपये मांगे और एनओसी के नाम पर 1,72000 रुपये की मांग की। उन्होंने दो लाख रुपये यस बैंक व 1.72 लाख रुपये एक्सिस बैंक खाते में जमा कराए। इस तरह झांसे में लेकर करीब आठ लाख पांच सौ रुपये ठग लिए। डाक्टर ने इस दौरान ठगों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई कर पुलिस से रकम वापिस दिलाने की मांग की। जिस पर पुलिस ने चार सौ बीसी का मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी।

संबंधित समाचार