गरमपानी: तीन साल से धूल फांक रही आधार कार्ड मशीन जानें कब मिलेगा लाभ

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

गरमपानी, अमृत विचार। गांवों के लोगों को परेशानी का सामना न करना पडे़, इसके लिए केंद्र व राज्य सरकार तमाम योजनाएं बनाती हैं। पर पहाडों में पहुंचते ही योजनाएं दम तोड़ जाती है। गरमपानी स्थित डाकघर में आधार कार्ड मशीन बीते तीन वर्षों से बंद है। लाखों रुपए की मशीन से आज तक एक भी …

गरमपानी, अमृत विचार। गांवों के लोगों को परेशानी का सामना न करना पडे़, इसके लिए केंद्र व राज्य सरकार तमाम योजनाएं बनाती हैं। पर पहाडों में पहुंचते ही योजनाएं दम तोड़ जाती है। गरमपानी स्थित डाकघर में आधार कार्ड मशीन बीते तीन वर्षों से बंद है। लाखों रुपए की मशीन से आज तक एक भी आधार कार्ड नहीं बन पाया है।
पहाडी क्षेत्रों के हाल भी अजब-गजब है। दरअसल गरमपानी, खैरना, मझेडा़, डोबा, सीम, सिल्टोना, लोहाली, कैंची, धनियाकोट, सिमलखा समेत दो दर्जन से अधिक गांवो के सैकडों ग्रामीणों को लाभ दिलाने के मकसद से लाखों रुपए की कीमत से आधार कार्ड बनाने वाली मशीन तीन वर्ष पूर्व स्थापित की गई। उम्मीद जगी कि अब आसानी से गांव के लोगों के आधार कार्ड डाकघर में ही तैयार होंगे, पर ग्रामीणों की उम्मीद को शुरुआत में झटका लग गया।
मशीन स्थापित होने के साथ ही दगा दे गई। तकनीकी खराबी होने से मशीन शुरु होने से पहले ही बंद हो गई। हालात यह है कि तीन वर्षों में आज तक एक भी आधार कार्ड नहीं बनाया जा सका है। स्थानीय लोगों ने संबंधित विभाग पर उपेक्षा का आरोप लगाया है। क्षेत्रवासियों का आरोप है कि डाकघर के बाहर आधार कार्ड बनाने का बोर्ड गांव के लोगों को धोखा दे रहा है। कई किलोमीटर दूर से गांव के लोग आधार कार्ड बनाने गरमपानी स्थित डाकघर पहुंचते हैं, पर उन्हें मशीन खराब होने का हवाला दे दिया जाता है। जिस कारण ग्रामीणों को दिक्कतों का सामना करना पड़ता है और मायूसी में वापस लौटना पड़ता है। लोगों ने आधार मशीन को तत्काल दुरुस्त किए जाने की मांग उठाई है। चेतावनी दी है कि यदि जल्द व्यवस्था दुरुस्त नहीं की गई तो आंदोलन की रणनीति तैयार की जाएगी।

संबंधित समाचार