हल्द्वानी: सुबह तेज बारिश के बाद दोपहर में खिली चटख धूप
हल्द्वानी,अमृत विचार। मानसून सीजन आते ही मौसम ने करवट बदलना शुरू कर दिया है। सोमवार सुबह जिले में तेज बारिश से मैदानी इलाकों में लोगों को जहां गर्मी से राहत मिली। वहीं दोपहर बाद चटख धूप ने लोगों के पसीने छुड़ा दिये। वहीं जिले के पर्वतीय इलाकों में सुबह से हल्की बारिश जारी है। पहाड़ों …
हल्द्वानी,अमृत विचार। मानसून सीजन आते ही मौसम ने करवट बदलना शुरू कर दिया है। सोमवार सुबह जिले में तेज बारिश से मैदानी इलाकों में लोगों को जहां गर्मी से राहत मिली। वहीं दोपहर बाद चटख धूप ने लोगों के पसीने छुड़ा दिये। वहीं जिले के पर्वतीय इलाकों में सुबह से हल्की बारिश जारी है। पहाड़ों में लगातार कोहरा बना हुआ है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार अगले 24 घंटे में पहाड़ों में हल्की बारिश जारी हो सकती है। जबकि मैदानी इलाकों के कुछ हिस्सों में तेज बौछारें पड़ने की संभावना है।
हल्द्वानी में सोमवार सुबह करीब दो घंटे की लगातार बारिश हुई। इससे लोगों को गर्मी और उमस से थोड़ा राहत मिली। हालांकि तेज बारिश के वजह से शहर के अधिकांश सड़कों में जल भराव की देखने को मिली। लेकिन दोपहर में बादल छटने से मैदानी इलाकों में चटख धूप खिली। इससे लोगों को तेज उमस का सामना करना पड़ा।
इस दौरान लोग धूप से बचने के लिए छाता का सहारा लेते दिखे। पर्वतीय इलाकों में सुबह से कोहरे के साथ मध्यम बारिश हुई। पहाड़ों में हो रही बारिश से रविवार के मुताबिक सोमवार को तापमान दो डिग्री तक कम रिकार्ड हुआ। पहाड़ों में हो रही बारिश से गौला का जलस्तर भी बढ़ गया है। सोमवार को हल्द्वानी का अधिकतम तापमान 34 और न्यूनतम 27 डिग्री और नैनीताल का अधिकतम तापमान 23 और न्यूनतम 14 डिग्री दर्ज किया गया। जबकि मुक्तेश्वर का अधिकतम तापमान 22 और न्यूनतम 16 डिग्री रिकार्ड हुआ। पंतनगर विवि के मौसम वैज्ञानिक डॉ. आरके सिंह ने बताया कि आगामी 24 घंटे में नैनीताल, अल्मोड़ा और बागेश्वर में तेज गर्जना के साथ मध्यम बारिश होने की संभावना है।
1 जुलाई को जिले में बारिश के आसार
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार नैनीताल समेत कुमाऊं के अन्य जिलों में मौसम फिर से करवट बदल सकता है। इसमें 1 जुलाई से 4 जुलाई तक कुमाऊं के अधिकांश हिस्सों में तेज हवाओं के साथ भारी बारिश हो सकती है।जबकि मैदानी इलाकों में 2 जुलाई को मध्यम बारिश की आशंका है।
