हल्द्वानी: दमुवाढूंगा में एक माह से टूटी पेयजल लाइन, हजारों की आबादी प्यासी
हल्द्वानी, अमृत विचार। दमुवाढूंगा में पनचक्की से चौपुला रोड पर पिछले एक माह से टूटी पेयजल लाइन अभी तक टूटी हुई है। इस लाइन से रोजाना हजारों लीटर पानी बर्बाद हो रहा है और कई लोगों के यहां पर पेयजल किल्लत बनी हुई है। यहां एचपी की भूमिगत गैस पाइप लाइन योजना के निर्माण के …
हल्द्वानी, अमृत विचार। दमुवाढूंगा में पनचक्की से चौपुला रोड पर पिछले एक माह से टूटी पेयजल लाइन अभी तक टूटी हुई है। इस लाइन से रोजाना हजारों लीटर पानी बर्बाद हो रहा है और कई लोगों के यहां पर पेयजल किल्लत बनी हुई है।
यहां एचपी की भूमिगत गैस पाइप लाइन योजना के निर्माण के चलते जल संस्थान के फिल्टर प्लांट से सप्लाई की जाने वाली पेयजल लाइन टूट गई थी। इस काम की वजह से यह दूसरी बार हुआ कि यह पेयजल लाइन टूट गई हो। इसके बाद जल संस्थान के अधिकारियों ने इसकी सुध ही नहीं ली और टूटी पेयजल लाइन से पानी की सप्लाई शुरू कर दी।
जिस वजह से रोजाना हजारों लीटर पानी बर्बाद होकर मल्ली बमौरी में बहता है और डामर की सड़क को भी खराब कर रहा है। इधर स्थानीय लोगों का कहना है कि जिन लोगों के घर पेयजल लाइन से दूर हैं उनके घरों में कम पानी पहुंच पा रहा है क्योंकि काफी पहले ही टूटी पेयजल लाइन से बह जाता है।
