बरेली: मॉडल प्रश्न पत्र को लेकर अभी तक स्थिति साफ नहीं

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। स्नातक और स्नातकोत्तर की मुख्य परीक्षाएं नजदीक हैं लेकिन विश्वविद्यालय ने अभी तक इसको लेकर स्थिति साफ नहीं की है। जबकि, छात्र लगातार मॉडल प्रश्नपत्र जारी करने की मांग कर रहे हैं। सोमवार को छात्र संगठनों ने प्रदर्शन भी किया था। विश्वविद्यालय प्रशासन का कहना है कि जल्द ही इसे जारी कर …

बरेली, अमृत विचार। स्नातक और स्नातकोत्तर की मुख्य परीक्षाएं नजदीक हैं लेकिन विश्वविद्यालय ने अभी तक इसको लेकर स्थिति साफ नहीं की है। जबकि, छात्र लगातार मॉडल प्रश्नपत्र जारी करने की मांग कर रहे हैं। सोमवार को छात्र संगठनों ने प्रदर्शन भी किया था। विश्वविद्यालय प्रशासन का कहना है कि जल्द ही इसे जारी कर दिया जाएगा। इसको लेकर एक बैठक बुलायी गई है। वहीं दूसरी तरफ छात्र द्वितीय वर्ष की परीक्षाओं को निरस्त करने के लिए सोशल मीडिया पर अभियान भी चला रहे हैं।

इस बार एमजेपी रुहेलखंड विश्वविद्यालय शासन के निर्देश पर द्वितीय व तृतीय वर्ष की परीक्षा का आयोजन करा रहा है। परीक्षाएं डेढ़ घंटे की होंगी। स्नातक द्वितीय व तृतीय वर्ष में विषय के सभी प्रश्नपत्रों का एक प्रश्नपत्र तैयार किया जाएगा। इसके आधार पर विश्वविद्यालय ने 15 जुलाई से परीक्षा कार्यक्रम भी जारी कर दिया है। शिक्षकों की राय के बाद बहुविकल्पीय, अति लघु और दीर्घ प्रश्नपत्र का प्रारूप भी तैयार कर लिया गया है लेकिन कुलपति की अनुमति के बाद ही इसे जारी किया जाएगा। अभी इसमें कुछ खामियां बतायी जा रही हैं। कुलपति प्रो. केपी सिंह ने बताया कि एक बैठक बुलायी गई है। जल्द ही मॉडल प्रश्नपत्र जारी कर दिया जाएगा।

अभी तक नहीं बने परीक्षा केंद्र
विश्वविद्यालय ने अभी तक मुख्य परीक्षा के केंद्र निर्धारित नहीं किए गए हैं। केंद्र निर्धारण के लिए महाविद्यालयों से रिकॉर्ड मांगा गया है। इस बार स्वकेंद्र बनाए जाने हैं, जिसकी वजह से दिक्कत हो रही है, क्योंकि कई महाविद्यालयों में परीक्षा के इंतजाम ही नहीं हैं। स्वकेंद्र बनाने से यहां नकल हो सकती है। इसके अलावा कई महाविद्यालयों में छात्रों की संख्या भी कम है। इन महाविद्यालयों के छात्रों का दूसरे महाविद्यालय में केंद्र बनाया जाएगा।

2 जुलाई को प्रवेश समिति की बैठक
विश्वविद्यालय ने आगामी प्रवेश सत्र को लेकर तैयारियां शुरू कर दी हैं। 2 जुलाई को विश्वविद्यालय में प्रवेश समिति की बैठक बुलायी गई है। इस बैठक में नई प्रवेश नियमावली को रखा जाएगा। सदस्यों की अनुमति के बाद इसे लागू कर दिया जाएगा। प्रवेश समिति की बैठक में महाविद्यालयों के द्वारा प्रवेश को अनुमति दी जा सकती है। इसके अलावा प्रवेश परीक्षाओं को ऑनलाइन कराने को लेकर भी सहमति बन सकती है।

संबंधित समाचार