हल्द्वानी: राज्य के 177 गेस्ट शिक्षकों का अनुबंध हुआ समाप्त
हल्द्वानी, अमृत विचार। राज्य के प्रात: और सांध्यकालीन गेस्ट शिक्षकों का अनुबंध समाप्त हो गया है। उच्च शिक्षा के उपनिदेशक ने इनका अनुबंध बढ़ाए जाने को लेकर शासन को पत्र भेजा है। एमबीपीजी में ऐसे 15 और राज्य भर में 177 शिक्षक हैं। बुधवार को इन सभी गेस्ट शिक्षकों को कार्यकाल समाप्त होने के बाद …
हल्द्वानी, अमृत विचार। राज्य के प्रात: और सांध्यकालीन गेस्ट शिक्षकों का अनुबंध समाप्त हो गया है। उच्च शिक्षा के उपनिदेशक ने इनका अनुबंध बढ़ाए जाने को लेकर शासन को पत्र भेजा है। एमबीपीजी में ऐसे 15 और राज्य भर में 177 शिक्षक हैं।
बुधवार को इन सभी गेस्ट शिक्षकों को कार्यकाल समाप्त होने के बाद उनका अनुबंध आगे नहीं बढ़ाया गया। इसके बाद राज्य के सभी 177 शिक्षक कार्यमुक्त हो गए हैं। इनकी तैनाती राज्य के 105 डिग्री कॉलेजों में थी। कांग्रेस सरकार के समय डिग्री कॉलेजों में बढ़ती छात्र संख्या को देखते हुए सुबह और शाम के समय भी कक्षाएं संचालित करने की योजना बनाई थी।
इन गेस्ट शिक्षकों की नियुक्ति 11 माह के लिए होती थी और बाद में अनुबंध बढ़ा दिया जाता था। सरकार की सुबह और सांध्यकालीन कक्षाएं योजना सफल नहीं हो पाई। ऐसे में इन शिक्षकों को भी अन्य शिक्षकों के साथ ड्यूटी कराई जाने लगी थी। हर साल 30 जून को गेस्ट शिक्षकों का अनुबंध समाप्त हो जाता है।
इसके बाद आवश्यकतानुसार उच्च शिक्षा निदेशालय से इन शिक्षकों का अनुबंध बढ़ाए जाने को लेकर शासन को पत्र भेजा जाता है। अनुमति मिलने के बाद दोबारा 11 माह तक काम लिया जाता है। इस बार 30 जून को 177 गेस्ट शिक्षकों का 11 माह का अनुबंध समाप्त हो गया है। इधर, उप निदेशक उच्च शिक्षा डॉ. एनएस बनकोटी ने बताया कि अनुबंध बढ़ाने को लेकर शासन को पत्र भेजा गया है। एमबीपीजी में ऐसे शिक्षकों की संख्या 15 है।
