बरेली: अक्षर विहार पार्क और गांधी उद्यान में हुक्का पार्टी अब बंद
बरेली, अमृत विचार। कई करोड़ की लागत से विकसित करने के साथ खूबसूरत बनाए गए अक्षर विहार पार्क और गांधी उद्यान में अराजक तत्वों को आने से रोकने के लिए नगर निगम प्रशासन ने शिकंजा कस दिया है। नगर आयुक्त ने शहर के दोनों खास पार्कों में हुक्का पार्टी को सख्ती के साथ प्रतिबंधित कर …
बरेली, अमृत विचार। कई करोड़ की लागत से विकसित करने के साथ खूबसूरत बनाए गए अक्षर विहार पार्क और गांधी उद्यान में अराजक तत्वों को आने से रोकने के लिए नगर निगम प्रशासन ने शिकंजा कस दिया है। नगर आयुक्त ने शहर के दोनों खास पार्कों में हुक्का पार्टी को सख्ती के साथ प्रतिबंधित कर दिया है। पार्कों के अंदर गतिविधियों पर कड़ी नजर रखने के लिए वहां सीसीटीवी कैमरे लगाने के लिए भी निर्देशित किया है। साथ ही यहां प्रेमी जोड़ों के भी प्रवेश को रोक दिया गया है।
अमृत विचार ने रविवार को पार्क के आसपास हुक्का पार्टी होने के साथ अंदर अव्यवस्थाओं को उजागर करती खबर प्रमुखता से प्रकाशित की थी। इसी दिन एक कार की टक्कर से अक्षर विहार की दीवार को भी क्षतिग्रस्त कर दिया गया था। इसके बाद से निगम प्रशासन ने पार्कों की सुरक्षा को लेकर कड़े कदम उठाए हैं।
अक्षर विहार और गांधी उद्यान यह दोनों ही पार्क शहर की प्रमुख जगह पर बने हुए हैं। इसलिए यहां आने वालों की भी काफी तादाद रहती है। इन दोनों ही पार्कों का अमृत योजना और स्मार्ट सिटी से कई करोड़ रुपये से कायाकल्प कराया जा रहा है। जबकि इन पार्कों में अंदर और उसके आसपास अराजक तत्वों का जमावड़ा लगना शुरू हो गया है। शनिवार को कार से आए कुछ युवक अक्षर विहार पार्क के पास हुक्का पार्टी करते हुए धुंआ उड़ा रहे थे।
इससे बच्चों के साथ पार्क के आने-जाने वाले परिवारों को काफी असुविधा हो रही थी। पार्क के अंदर भी अव्यवस्थाएं हावी थी। ये मामले नगर निगम के अधिकारियों तक पहुंचने के बाद रविवार को अक्षर विहार पार्क को बंद कराते हुए गेट पर नोटिस चस्पा कर दिया गया था। नगर निगम अधिकारी और मेयर के सामने तमाम लोगों ने शिकायत की है कि अक्षर विहार पार्क में प्रेमी जोड़ों काफी समय तक बैठे रहने से यहां परिवार सहित आने वाले लोग आने से कतरा रहे हैं।
नगर आयुक्त अभिषेक आनंद ने बताया कि अक्षर विहार में ठेकेदार से सुरक्षा बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं। दोनों पार्क में हुक्का पार्टी न होने दी जाए, नहीं तो जुर्माना लगाया जाएगा। पार्कों की सुरक्षा के लिए सीसीटीवी कैमरों को भी लगाए जाने की तैयारी है।
ठेकेदार को ही करनी है सुरक्षा व्यवस्था
नगर निगम ने अभी अक्षर विहार पार्क में कैंटीन का ठेका दिया है। निगम की शर्तों के अनुसार ठेकेदार को ही अपने गार्ड रखकर पार्क की सुरक्षा करनी है। अक्षर विहार पार्क का क्षेत्रफल काफी अधिक है लेकिन यहां पांच गार्ड ही हैं। ऐसे में पूरे पार्क की निगरानी नहीं हो पा रही है। अधिकारियों ने ठेकेदार से गार्डों की संख्या और बढ़ाने को कहा है।
