हल्द्वानी: आखिर रेलवे स्टेशनों पर शुरू हुई कोविड जांच

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

हल्द्वानी, अमृत विचार। बाहर से आने वाले रेलयात्रियों की स्वास्थ्य विभाग अब कोरोना जांच कर रहा है। जबकि पहले रेल से आने वाले यात्रियों के लिए कोई भी नियम नहीं था। इससे बाहरी राज्यों से आने वाले यात्रियों के जरिए कोरोना संक्रमण फैलने का खतरा था। काठगोदाम और हल्द्वानी रेलवे स्टेशन पर आने वाले हर …

हल्द्वानी, अमृत विचार। बाहर से आने वाले रेलयात्रियों की स्वास्थ्य विभाग अब कोरोना जांच कर रहा है। जबकि पहले रेल से आने वाले यात्रियों के लिए कोई भी नियम नहीं था। इससे बाहरी राज्यों से आने वाले यात्रियों के जरिए कोरोना संक्रमण फैलने का खतरा था।

काठगोदाम और हल्द्वानी रेलवे स्टेशन पर आने वाले हर ट्रेन के यात्रियों को अब रेलवे स्टेशन से बाहर जाने से पहले अपनी कोविड जांच करवानी पड़ रही है। स्वास्थ्य विभाग की टीम दोनों ही रेलवे स्टेशनों पर तैनात है और बाहर से आने वाले सभी यात्रियों की जांच की जा रही है और साथ ही उनका नाम, पता और मोबाइल नंबर भी लिया जा रहा है।

सिटी मजिस्ट्रेट ऋचा सिंह ने बताया कि इन यात्रियों की रैपिड जांच की जा रही है। इससे हम बाहर से आने वाले यात्रियों की पहचान कर सकेंगे जिनको कोरोना संक्रमण है और उनको होम आइसोलेट होने के लिए कह दिया जाएगा। उल्लेखनीय है कि इससे पहले उत्तराखंड के सीमावर्ती इलाकों में सड़क मार्ग पर दूसरे राज्यों से आने वाले यात्रियों की कोरोना की आरटीपीसीआर की निगेटिव रिपोर्ट लाना जरूरी था। लेकिन रेलमार्ग से आने वाले यात्रियों के लिए इस तरह का नियम नहीं था।

अमृत विचार ने प्रकाशित किया था मामला
अमृत विचार समाचार पत्र ने 29 जून को बाहरी राज्यों से आने वाले रेलयात्रियों की कोरोना जांच न होने को लेकर समाचार प्रकाशित किया था। समाचार में प्रमुखता से इस बात का उल्लेख किया गया था कि स्वास्थ्य विभाग के अजीब नियमों के चलते कोरोना संक्रमण् फिर से तेज हो सकता है। इसके बाद मामले को संज्ञान में लेते हुए प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग हरकत में आया। और रेलवे स्टेशनों पर यात्रियों की कोरोना जांच शुरू कर दी गई।

भीड़ वाले इलाकों पर भी नजर
स्वास्थ्य विभाग भीड़ वाले इलाकों में कोरोना की जांच कर रहा है। शापिंग मॉलों में भी कोरोना जांच करवाई जा रही है। ऐसे इलाकों में रैपिड जांच करवाई जा रही है। इस जांच में रिपोर्ट एक घंटे के अंदर आ जाती है। संक्रमित आने वाले व्यक्ति को होम आइसोलेट करवा दिया जाता है। गौरतलब है कि पिछले कुछ दिनों से कोरोना की जांचें कम हो गई थी। अब कोरोना जांचों को फिर से बढ़ाया जा रहा है।

संबंधित समाचार