बरेली: महापुरुष का अपमान, मूर्ति लगने वाली जगह के पास बनवा रहे शौचालय

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। जिला अस्पताल में महाराणा प्रताप की मूर्ति स्थापित करने के लिए जो जगह निर्धारित की गई है, उसके पास ही सामुदायिक शौचालय का निर्माण शुरू कराकर महापुरुष का अपमान किया जा रहा है। स्वास्थ्य विभाग ने ही अपने पार्क में महाराणा प्रताप की मूर्ति लगाने की अनुमति दी और पास में शौचालय …

बरेली, अमृत विचार। जिला अस्पताल में महाराणा प्रताप की मूर्ति स्थापित करने के लिए जो जगह निर्धारित की गई है, उसके पास ही सामुदायिक शौचालय का निर्माण शुरू कराकर महापुरुष का अपमान किया जा रहा है। स्वास्थ्य विभाग ने ही अपने पार्क में महाराणा प्रताप की मूर्ति लगाने की अनुमति दी और पास में शौचालय बनवाने के लिए नगर निगम को जमीन भी उसी विभाग ने दी है। महापुरुष के अपमान को लेकर क्षत्रिय महासभा सहित कई संगठनों ने इसका विरोध शुरू कर दिया है और सामुदायिक शौचालय का निर्माण कहीं दूसरी जगह कराने का मामला उठाया है।

जिला अस्पताल के मुख्य द्वार के पास पार्क में बने एक हिस्से में महाराणा प्रताप की मूर्ति लगवाने के लिए क्षत्रिय महासभा के साथ कई संगठनों ने मामले को शासन तक उठाया था। शासन स्तर पर इसकी अनुमति मिलने के बाद 5 जुलाई 2020 में राज्य ललित कला विभाग के अध्यक्ष डॉ. राजेंद्र सिंह पुंडीर ने अस्पताल के पार्क में मूर्ति स्थापित करने के लिए शिलान्यास किया था। इसके बाद मूर्ति स्थापित करने के लिए पार्क के अंदर फाउंडेशन का काम पूरा हो गया है।

जिला अस्पताल में निर्माणाधीन सुलभ शौचालय

साथ ही महाराणा प्रताप की मूर्ति भी जल्द बनकर आने की जानकारी दी जा रही है, लेकिन इस बीच नगर निगम ने पार्क से सटकर महाराणा प्रताप की मूर्ति के पास ही सामुदायिक शौचालय का निर्माण अभी कुछ दिन पहले ही शुरू करा दिया है। शौचालय का काम भी करीब 50 प्रतिशत तक पूरा हो गया है। महापुरुष की मूर्ति के पास ही सुलभ शौचालय बनवाने को लेकर क्षत्रिय महासभा ने विरोध शुरू कर दिया है। संगठन के जिलाध्यक्ष जगदीश सिंह कुशवाहा, महामंत्री देवेंद्र सिंह, मंडल महामंत्री हरवीर सिंह आदि पदाधिकारियों की ओर से डीएम नितीश कुमार को भी पत्र भेजकर आपत्ति जाहिर की है।

तीन साल पहले शासन ने आवंटित की थी जगह
क्षत्रिय महासभा का कहना है कि 31 दिसंबर 2019 को विशेष सचिव ने आदेश जारी कर अस्पताल के फव्वारा पार्क में महापुरुष की प्रतिमा लगाने के लिए जगह आवंटित की है। मूर्ति भी लगभग तैयार हो चुकी है। जबकि मूर्ति स्थल के पास ही शुलभ शौचालय का निर्माण कर महापुरुष का अपमान किया जा रहा है। इसे लेकर लोगों में नाराजगी बढ़ रही है। पदाधिकारियों ने डीएम से कहा है कि शौचालय को अन्यत्र स्थानांतरित कर ठेकेदार ने पार्क का जो हिस्सा क्षतिग्रस्त किया है। उसकी भी मरम्मत कराई जाए।

महापुरुष के अपमान को लेकर बैठक में उठाया मुद्दा
जिला अस्पताल के पार्क में महापुरुष महाराणा प्रताप की लगने जा रही प्रतिभा के पास ही सुलभ शौचालय का निर्माण कराए जाने को लेकर क्षत्रिय महासभा ने बैठक की। पूर्व सांसद राजवीर सिंह के पुत्र धीरेंद्र सिंह के संजय कम्युनिटी हाल के पास बने आवास में हुई बैठक में अखिल भारतीय क्षत्रिय महासभा के प्रदेश अध्यक्ष भुवनेश्वर सिंह, जिलाध्यक्ष एमपी सिंह, राकेश चौहान आदि मौजूद रहे। इसके अलावा क्षत्रिय महासभा के दूसरे संगठन भी मौजूद रहे।

जिला अस्पताल के पार्क में बदहाल फब्बारा

महापुरुष महाराणा प्रताप की जिस जगह पर प्रतिमा लगाई जानी है, उसी के पास सुलभ शौचालय का निर्माण कराया जाना महापुरुष का अपमान है। इसे कोई भी बर्दाश्त नहीं करेगा। -धीरेंद्र सिंह, सदस्य क्षत्रिय महासभा

शौचालय निर्माण कराने की जगह नगर निगम को स्वास्थ्य विभाग ने ही आवंटित की है। जो जगह दी गई है, वहीं पर शौचालय का निर्माण कराया जा रहा है। -संजीव प्रधान, पर्यावरण अभियंता, नगर निगम

मूर्ति स्थापित करने वाली संस्था ने मिलकर शिकायत की है। जल्द ही बातचीत कर सामाधान निकाला जाएगा।
डा. सुबोध शर्मा, मंडलीय अपर निदेशक व प्रमुख चिकित्सा अधीक्षक, जिला अस्पताल

संबंधित समाचार