बरेली: पुलिस में नौकरी लगवाने के नाम पर महिला से ठगी
बरेली, अमृत विचार। खुद को बीएसएफ में कर्मचारी बताकर एक व्यक्ति ने अपने साथियों के साथ मिलकर महिला से पुलिस में नौकरी लगवाने के नाम पर 1 लाख 40 हजार रुपये की ठगी कर ली। महिला को मुंबई बुलाकर उसके शैक्षिक प्रमाण-पत्र भी छीन लिए और रुपये वापस मांगने पर उसके साथ मारपीट कर कैद …
बरेली, अमृत विचार। खुद को बीएसएफ में कर्मचारी बताकर एक व्यक्ति ने अपने साथियों के साथ मिलकर महिला से पुलिस में नौकरी लगवाने के नाम पर 1 लाख 40 हजार रुपये की ठगी कर ली। महिला को मुंबई बुलाकर उसके शैक्षिक प्रमाण-पत्र भी छीन लिए और रुपये वापस मांगने पर उसके साथ मारपीट कर कैद कर लिया। महिला की शिकायत पर कोतवाली पुलिस ने तीन नामजद आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
भुता के गांव मगरासा की मूल निवासी बबली देवी गंगवार वर्तमान में सुरेश शर्मा नगर के जोगी नवादा में किराये पर रहकर पढ़ाई कर रही है। उसने बताया कि करीब छह माह पहले फेसबुक के माध्यम से उसकी पहचान आरोपी मोहन सुभाष सुखधाने से हुई थी जिसने अपना निवास महाराष्ट्र के बुल्डाना जिले के चिनगांव में बताया।
आरोपी ने खुद को बीएसएफ का कर्मचारी बताकर उच्च अधिकारियों से पहचान होने और महिला की नौकरी पलिस में लगवाने की बात कही। जिसके लिए आरोपी ने महिला को 3 लाख 50 हजार रुपये का खर्च बताया। आरोपी ने 26 जनवरी को अपने मौसेरे भाई सूरज अशोक मोरे के खाते में 10 हजार रुपये पीड़िता से डलवाए। दोबारा में 7 फरवरी को आरोपी ने 30 हजार और 9 फरवरी को 20 हजार रुपये नकद रोडवेज बस अड्डे पर स्वयं पहुंचकर लिए।
16 फरवरी को होटल मैनेजर के खाते में 41 हजार रुपए और उत्तराखंड की रहने वाली एक महिला के खाते में 15 फरवरी को 15 हजार रुपये जमा करवाए। आरोप है कि महिला ने 2 मार्च को बरेली के वसुंधरा होटल के मालिक के खाते में भी 23 हजार रुपये डलवाए थे। रुपयों के लेनदेन के बाद आरोपी ने महिला को मुंबई बुलाया और उसे अपने मौसेरे भाई अशोक कुमार मोरे के घर पर ठहराया।
इस दौरान आरोपी उसके मौसेरे भाई और आरोपी अशोक मोरे ने महिला के सभी शैक्षिक प्रमाण पत्र लेकर रख लिए। नौकरी न लगने पर महिला ने जब अपने पैसे वापस मांगे तो आरोपियों ने उसके साथ मारपीट की और उसे घर में कैद कर दिया। किसी तरह महिला ने आरोपियों के चंगुल से छूटकर उन्हें फोन किया तो आरोपियों ने उसे जान से मारने की धमकी दी। पीड़िता ने इसकी शिकायत की जिसपर कोतवाली पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। साथ ही मामले की जांच में जुट गई है।
