टनकपुर: 18 किलोमीटर का किराया 70 रुपये, फिर शुरू हुआ हंगामा…
टनकपुर, अमृत विचार। पूर्णागिरि मार्ग में टनकपुर से भैरव मंदिर तक टैक्सी वाहन में 70 प्रति सवारी किराया लेने से मां पूर्णागिरि धाम के पुजारी भड़क उठे हैं। गुस्साए पुजारियों ने तहसील पहुंचकर इस संबंध में एसडीएम हिमांशु कफल्टिया को ज्ञापन सौंपा और किराया कम करने की मांग की है। सोमवार को मां पूर्णागिरि मंदिर समिति …
टनकपुर, अमृत विचार। पूर्णागिरि मार्ग में टनकपुर से भैरव मंदिर तक टैक्सी वाहन में 70 प्रति सवारी किराया लेने से मां पूर्णागिरि धाम के पुजारी भड़क उठे हैं। गुस्साए पुजारियों ने तहसील पहुंचकर इस संबंध में एसडीएम हिमांशु कफल्टिया को ज्ञापन सौंपा और किराया कम करने की मांग की है।
सोमवार को मां पूर्णागिरि मंदिर समिति के अध्यक्ष भुवन पांडेय के नेतृत्व में एसडीएम कार्यालय पहुंचे पुजारियों का कहना था कि टैक्सी चालकों द्वारा टनकपुर से भैरव मंदिर तक का किराया महज 18 किलोमीटर का 70 रुपया लिया जा रहा है। किराया अधिक होने के कारण ग्रामीणों सहित मां पूर्णागिरि के दर्शनार्थियों पर आर्थिक बोझ पड़ रहा है।
गरीब तबके के श्रद्धालु किराया ज्यादा होने से कड़ाके की धूप में पैदल यात्रा करने के मजबूर हैं। पुजारियों का कहना है कि टनकपुर से भैरव मंदिर तक का किराया पूर्व में 50 रुपया लिया जाता था। कोविड के कारण सवारियां न मिलने से टैक्सी यूनियन ने किराया बढ़ाकर 70 रुपया कर दिया। इस समय मां पूर्णागिरि धाम में श्रद्धालुओं की आवाजाही अधिक हो गई है, ऐसे में किराया पूर्व की भांति 50 रुपया ही लिया जाना चाहिए। एसडीएम ने इस संबंध में आरटीओ विभाग एवं टैक्सी यूनियन के साथ वार्ता करने का आश्वासन दिया। ज्ञापन देने वालों में ग्राम प्रधान मंजू पांडेय, कैलाश पांडे सहित कई लोग शामिल थे।
