लखीमपुर खीरी: एसएसबी जवान से नेपालियों ने की अभद्रता, रिपोर्ट दर्ज

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

पलियाकलां/लखीमपुर खीरी, अमृत विचार। नेपाल सीमा पर तैनात एसएसबी के जवान के साथ कुछ नेपालियों द्वारा रविवार को की गई अभद्रता एवं अशिष्ट भाषा को कमांडेंट मुन्ना सिंह ने गंभीरता से लिया है और घटना की रिपोर्ट कोतवाली गौरीफंटा में दर्ज करवा कर उच्चाधिकारियों को अवगत करा दिया है। भारत-नेपाल सीमा के गौरीफंटा बॉर्डर पर तैनात …

पलियाकलां/लखीमपुर खीरी, अमृत विचार। नेपाल सीमा पर तैनात एसएसबी के जवान के साथ कुछ नेपालियों द्वारा रविवार को की गई अभद्रता एवं अशिष्ट भाषा को कमांडेंट मुन्ना सिंह ने गंभीरता से लिया है और घटना की रिपोर्ट कोतवाली गौरीफंटा में दर्ज करवा कर उच्चाधिकारियों को अवगत करा दिया है।

भारत-नेपाल सीमा के गौरीफंटा बॉर्डर पर तैनात एसएसबी का एक जवान पिलर संख्या 753 के करीब नो मैंस लैंड से 20 मीटर अंदर भारत की ओर ड्यूटी पर तैनात था। कुछ नेपाली नागरिक (जिसमें नेपाल के ढोखा बाजार में मीट बेचने वाली एक महिला जानकी हमाल पत्नी गंगागौड़ शाही भी थी)आकर एसएसबी जवान को अपशब्दों का प्रयोग करते हुए अभद्र व्यवहार करने लगे।

इसकी सूचना पर नेपाल की एपीएफ के कुछ जवान और एसएसबी गौरीफंटा चौकी पर तैनात कई जवान पहुंचे और मामले को रफा- दफा कर सभी को इधर-उधर कर दिया। उधर इस बीच करीब एक घंटा गौरीफंटा बॉर्डर पर अफरा-तफरी का माहौल रहा और लोग एक-दूसरे की सीमा में प्रवेश नहीं कर सके। इस बात की जानकारी जब एसएसबी कमांडेंट मुन्ना सिंह को हुई तो उन्होंने मामले को गंभीरता से लेते हुए सूचना उच्चाधिकारियों को दी वहीं गौरीफंटा कोतवाली में घटना की रिपोर्ट दर्ज कराने को भी कहा।

उधर इस घटना के बाद एसएसबी द्वारा नेपालियों के अवैध मार्गों से भारतीय सीमा में प्रवेश पर सख्ती बढ़ा दी गई है और बराबर नजर रखी जा रही है। फिलहाल एसएसबी की ओर से गौरीफंटा कोतवाली में शिकायत दर्ज करा दी गई है और सीमा पर आवागमन सामान्य है। एसएसबी कमांडेंट मुन्ना सिंह ने जंगल के अवैध मार्गों पर नजर रखने के आदेश अधीनस्थों को दिए हैं।

संबंधित समाचार