हल्द्वानी: संदिग्ध अवस्था में मिला रेंजर का शव
हल्द्वानी/लालकुआं। संदिग्ध अवस्था में वन विभाग के रेंजर का शव सरकारी आवास में पड़ा हुआ था। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही वन कर्मचारियों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस के अनुसार केसी कफल्टिया (55 वर्ष) तराई पूर्वी वन डिविजन के अंतर्गत किशनपुर …
हल्द्वानी/लालकुआं। संदिग्ध अवस्था में वन विभाग के रेंजर का शव सरकारी आवास में पड़ा हुआ था। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही वन कर्मचारियों से पूछताछ की जा रही है।
पुलिस के अनुसार केसी कफल्टिया (55 वर्ष) तराई पूर्वी वन डिविजन के अंतर्गत किशनपुर रेंज के वन क्षेत्राधिकारी थे। वह किशनपुर वन रेंज के सरकारी आवास में रहते थे, जबकि उनका परिवार हल्द्वानी में रहता था। सोमवार रात वह हमेशा की तरह अपने कमरे में सोये थे। मंगलवार की सुबह जब उनके कमरे का दरवाजा नहीं खुला तो कर्मचारियों ने आवाज दी, लेकिन कोई जवाब नहीं आया। इस पर कर्मचारियों ने रेंजर के कमरे का दरवाजा खोला तो देखा कि रेंजर कफल्टिया कमरे में मृत पड़े हैं। उन्होंने तुरंत वन विभाग के अधिकारियों और पुलिस को इसकी सूचना दी।
सूचना पर लालकुआं कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और घटना का जायजा लिया। मौके से कोई भी संदेहास्पद वस्तु नहीं मिली है। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही वन कर्मचारियों से पूछताछ की। सीओ लालकुआं प्रमोद शाह ने बताया कि रेंजर की पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद मौत के सटीक कारणों का पता चलेगा। फिलहाल वन कर्मचारियों से भी पूछताछ की गई है।
तराई पूर्वी वन डिविजन के एसडीओ ध्रुव सिंह मर्तोलिया ने बताया कि रेंजर को कई गंभीर बीमारियां थीं। उनके परिवार को इसकी सूचना दे दी गई है। मौत के सटीक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद पता चलेगा।
