हल्द्वानी: ट्यूबवेल ठप होने से शहर के 10 हजार लोग प्यासे
हल्द्वानी, अमृत विचार। भीषण गर्मी के दिनों में लोगों को लगातार पेयजल संकट का सामना करना पड़ रहा है। शहर के अनेक क्षेत्रों में ट्यूबवेल की खराबी और पाइपलाइन के जरिए पानी की आपूर्ति बाधित होने की वजह से लगभग 10 हजार लोगों को पेयजल की कमी से जूझना पड़ रहा है। जल संस्थान द्वारा …
हल्द्वानी, अमृत विचार। भीषण गर्मी के दिनों में लोगों को लगातार पेयजल संकट का सामना करना पड़ रहा है। शहर के अनेक क्षेत्रों में ट्यूबवेल की खराबी और पाइपलाइन के जरिए पानी की आपूर्ति बाधित होने की वजह से लगभग 10 हजार लोगों को पेयजल की कमी से जूझना पड़ रहा है। जल संस्थान द्वारा इस समस्या को दूर करने के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे है।
बुधवार को सुबह लगभग 11 बजे राजपुरा क्षेत्र के लोगों ने जल संस्थान कार्यालय के बाहर प्रदर्शन कर नारेबाजी की। लोगों ने ट्यूबवेल को ठीक कर पानी की आपूर्ति सुचारु करने की मांग की। कांग्रेस जिला महामंत्री हेमंत साहु के नेतृत्व में प्रदर्शन कर रहे लोगों का कहना है कि पिछले चार दिनों से ट्यूबवेल खराब पड़ा है। जिसकी वजह से क्षेत्र में लगभग 10 हजार लोगों पेयजल मुहैया नही हो पा रहा है। ट्यूबवेल के जरिए गली संख्या 1 से 3 तक, बकरा मार्केट, टनकपुर रोड में पानी की आपूर्ति होती है।
लेकिन यह खराब होने के कारण यहां पानी की सप्लाई नही हो पा रही है। प्रदर्शन कर रहे लोगों का कहना है कि ट्यूबवेल की मोटर को दुरुस्त कराने के लिए कई बार विभागीय अधिकारियों को फोन कर सूचित करने के बावजूद भी ठीक नही कराया जा रहा है। इसके अलावा इतनी बड़ी आबादी के लिए भेजे जा रहे टैंकरों से पानी की कमी पूरी नही हो पा रही है। हेमंत साहु ने अधिकारियों को ज्ञापन सौंप ट्यूबवेल को जल्द से जल्द दुरुस्त कराने व भरपूर मात्रा में पानी के टैंकर भेजने की मांग की है। प्रदर्शन के मौके पर पंकज कश्यप, सचित राठौर, विशाल भारती, साहिल, राज, कैलाश, हैप्पी, संदीप सहित दर्जनों की संख्या में लोग उपस्थित रहे।
राजपुरा क्षेत्र में पर्याप्त टैंकरों को भेजा जा रहा है, इसके अलावा लोगों की मांग के मुताबिक भी टैंकर भेजे जा रहे हैं। यहां के खराब ट्यूबवेल की मोटर को जल्द से जल्द दुरुस्त कर पानी की आपूर्ति सुचारु कर दी जाएगी। एसके श्रीवास्तव, अधिशासी अभियंता, जल संस्थान
