हल्द्वानी: ‘मुफ्त बिजली का सिर्फ ऐलान नहीं, तत्काल लागू भी करे सरकार…
हल्द्वानी, अमृत विचार। ऊर्जा मंत्री हरक सिंह रावत का 100 यूनिट मुफ्त बिजली देने के बयान पर विपक्ष हमलावर हो गया है। कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव व पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने कटाक्ष किया है कि मुफ्त से पहले 24 घंटे बिना कटौती के आपूर्ति दी जाए। रावत ने ऊर्जा मंत्री को आड़े हाथों लेते …
हल्द्वानी, अमृत विचार। ऊर्जा मंत्री हरक सिंह रावत का 100 यूनिट मुफ्त बिजली देने के बयान पर विपक्ष हमलावर हो गया है। कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव व पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने कटाक्ष किया है कि मुफ्त से पहले 24 घंटे बिना कटौती के आपूर्ति दी जाए।
रावत ने ऊर्जा मंत्री को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि 100 यूनिट ही क्यों, डबलइंजन वाली सरकार बहादुर चाहे तो 200 यूनिट भी बिजली मुफ्त दे सकती है। पहले लोगों को 24 घंटा बिना पॉवर कट के, बिना अघोषित कटौती के बिजली दे दें। मुफ्त बिजली कहने से पहले पॉवर कॉरपोरेशन के खाते को भी देख लें कि उसकी स्थिति क्या है क्योंकि उत्तराखंड, देश में सबसे कम दर पर बिजली उपलब्ध करवाने वाला राज्य है, वो समीकरण गड़बड़ाना नहीं चाहिए।
उन्होंने कहा कि डबल इंजन की सरकार है और चुनावी वर्ष है, 200 यूनिट बिजली मुफ्त देने का ऐलान कर दीजिये। मगर ऐलान, लागू तत्काल हो। कहीं ऐसा न हो कि चुनाव आ जाएं और लागू करने का जिम्मा अगली सरकार पर आए। ग्रामीण क्षेत्रों में औसत बिजली की उपलब्धता घटकर 14 घंटे पर आ गई है, शहरी क्षेत्रों में अघोषित कटौती होती है। वहीं ऊर्जा निगम की वित्तीय हालत पतली है। 200 मेगावाट सोलर प्लांट योजना का काम कितना आगे बड़ा है, याद रखना आप नहीं करोगे तो, कांग्रेस तो आ ही रही है।
कांग्रेस सत्ता में आई तो पहले साल सौ, दूसरे साल 200 यूनिट मुफ्त में मिलेंगी
हर दा ने दावा किया कि यदि मिशन-2022 में भाजपा को परास्त कर कांग्रेस सत्ता में आएगी तो न केवल बिजली क्षेत्र में सुधार किया जाएगा। बल्कि सरकार बनने के पहले साल 100 यूनिट तक और दूसरे साल 200 यूनिट तक लोगों को प्रति परिवार मुफ्त बिजली दी जाएगी। इस मुफ्त बिजली का भार, न विद्युत ढांचे पर आने देंगे । उपभोक्ताओं को जो पॉवर कट जैसी जहालतें झेलनी पड़ रही हैं, वो भी नहीं झेलनी पड़ेंगी।
