बरेली: लूट का फुटेज पुलिस के पास, फिर भी नहीं पकड़ पाए आरोपी

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। सिविल लाइंस स्थित हनुमान मंदिर के पास से महिला से दिनदहाड़े एक ऑटो रिक्शा चालक ने लूट कर ली। शिकायत के बाद पुलिस ने घटनास्थल पर लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले तो उसमें घटना की पुष्टि तो हो गई। बावजूद दो दिन तक पुलिस खाली बैठी रही। एसएसपी के पास मामला आया तो …

बरेली, अमृत विचार। सिविल लाइंस स्थित हनुमान मंदिर के पास से महिला से दिनदहाड़े एक ऑटो रिक्शा चालक ने लूट कर ली। शिकायत के बाद पुलिस ने घटनास्थल पर लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले तो उसमें घटना की पुष्टि तो हो गई। बावजूद दो दिन तक पुलिस खाली बैठी रही। एसएसपी के पास मामला आया तो उन्होंने जांच के आदेश दिए। शनिवार को आनन-फानन पुलिस ने ऑटो चालकों से पूछताछ शुरू की लेकिन आरोपी ऑटो चालक का कोई सुराग नहीं मिल पाया।

सिविल लाइंस के बाग ब्रिगटान निवासी मधु यादव पत्नी अमरदीप सिंह यादव बुधवार शाम बाजार आई थीं। पटेल चौक से नॉवल्टी चौराहे की तरफ जाते वक्त सामने से आ रहे ऑटो चालक ने महिला के कंधे पर टंगा पर्स लूट लिया और फरार हो गया। महिला ने दूसरे ऑटो से उसका पीछा भी किया लेकिन आरोपी ऑटो चालक का कुछ भी पता नहीं चल सका।

लूट करने जाते ऑटो की सीसीटीवी फुटेज

महिला ने जब पुलिस से इसकी शिकायत की तो सिविल लाइंस चौकी इंचार्ज अनुराधा वर्मा ने घटना स्थल के पास लगे सीसीटीवी फुटेज निकलवाए जिसमें घटना की पुष्टि हुई। महिला के पर्स में एक मोबाइल फोन, दस हजार रुपये, आधार कार्ड, पैन कार्ड समेत कई जरूरी दस्तावेज थे। बावजूद पुलिस दो दिन तक मामला दर्ज होने का इंतजार करती रही।

अज्ञात लुटेरे के खिलाफ शुक्रवार को मामला दर्ज होने के बाद भी पुलिस की जांच-पड़ताल में कोई तेजी नहीं आई। इस पर एसएसपी रोहित सिंह सजवाण ने मामले का संज्ञान लिया और सख्ती दिखाई। जिसके बाद सिविल लाइंस चौकी इंचार्ज ने शनिवार सुबह से पटेल चौक पर ऑटो चालकों को रोककर चालकों से पूछताछ शुरू की। पुलिस ने महिला के मोबाइल को ट्रेस करने के लिए सर्विलांस पर लगा दिया है।

कैमरे होते चालू तो पकड़ा जाता लुटेरा
नॉवल्टी चौराहे की ओर से पटेल चौक की ओर लूट करके भाग रहा लुटेरा ऑटो चालक पटेल चौक से कहां गायब हो गया, किसी को नहीं पता और न ही पुलिस इसका कुछ पता लगा पा रही है। पटेल चौक पर चौपुला मार्ग, श्यामगंज मार्ग की ओर जाने वाले रास्ते पर निगरानी के लिए लगे सीसीटीवी कैमरे भी अभी तक शुरू नहीं हुए हैं जिसकी वजह से लूट के बाद ऑटो चालक किस तरफ गया इसका कोई पता नहीं चल पा रहा है।

देहात क्षेत्र का है ऑटो, जांच में हुई पुष्टि
शनिवार सुबह चौकी इंचार्ज अनुराधा वर्मा ने पटेल चौक से गुजरने वाले हर ऑटो को रोककर पूछताछ शुरू की तो शहरी ऑटो चालकों ने इसकी कोई जानकारी न होने की बात कही। चौकी इंचार्ज ने बताया कि जांच के दौरान इस बात की पुष्टि हुई है कि सीसीटीवी फुटेज में लूट के समय इस्तेमाल हुआ ऑटो देहात क्षेत्र का है।

एसएसपी रोहित सिंह सजवाण ने बताया कि मामले की जांच कराई जा रही है, जिसके लिए सीसीटीवी खंगाले गए हैं। आरोपी के पकड़े न जाने पर चौकी इंचार्ज के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

संबंधित समाचार